प्रथम सेमेस्टर की री-अपीयर परीक्षाएं अक्तूबर में होंगी संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला ने अक्तूबर में होने वाली स्नातक परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों की पात्रता जांचने की प्रक्रिया तय की है। बीबीए, बीसीए, बीबीए इन टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट, बीएफए और बीवॉक के परीक्षा फॉर्म भरने से पहले कॉलेजों को विद्यार्थियों की पात्रता सत्यापित करनी होगी।
इसके लिए विश्वविद्यालय ने कॉलेज लॉग्नि में उपलब्ध एडमिशन अप्रूवल फॉर एग्जाम फॉर्म फिलिंग सुविधा का इस्तेमाल अनिवार्य किया है। विवि ने स्पष्ट किया है कि किसी अपात्र विद्यार्थी को परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा नियंत्रक श्याम लाल कौशल के अनुसार बीबीए, बीसीए और बीबीए इन टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट के प्रथम सेमेस्टर की री-अपीयर, तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की नियमित और री-अपीयर परीक्षाएं अक्तूबर में होंगी। बीएफए के प्रथम सेमेस्टर री-अपीयर तथा तीसरे, पांचवें और सातवें सेमेस्टर की नियमित और री-अपीयर परीक्षाएं भी अक्तूबर में होंगी। बीवॉक के प्रथम, तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की नियमित और री-अपीयर परीक्षाएं भी इसी माह होगी।
30 सितंबर तक भरना होगा फॉर्म
विद्यार्थियों को 30 सितंबर तक विवि के छात्र पोर्टल पर ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरना होगा। तय समय के बाद फॉर्म भरने पर विवि के नियमों के अनुसार लेट फीस लागू होगा। किसी विद्यार्थी को फॉर्म भरने में परेशानी आती है तो वह संबंधित कॉलेज के प्रधानाचार्य या निदेशक से संपर्क कर सकता है। विवि ने सभी संबद्ध कॉलेजों को प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।