हिमाचल में एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार बर्फबारी हुई है। शनिवार सुबह एकाएक मौसम ने तेवर दिखाए। सुबह करीब आठ बजे राजधानी शिमला में बर्फबारी शुरू हुई। एक घंटे के भीतर ही शहर को बर्फ की सफेद चादर ने ढक दिया। प्रदेश के ऊंचाई वाले कई क्षेत्रों में बर्फबारी हुई।
ताजा बर्फबारी से एचआरटीसी के प्रदेश में 250 से अधिक रूट प्रभावित हुए हैं। कई जगह सड़के भी बंद हो गई हैं। 18 फरवरी तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर चलेगा। कुफरी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-5 बंद हो गया। इससे ऊपरी शिमला राजधानी से कट गया है। ठियोग, रामपुर, रोहड़ू और चौपाल रूटों पर बसें रवाना नहीं हो सकी।
कुल्लू और मनाली की ऊंची चोटियों में भी शनिवार को दिन भर रुक रुककर बर्फबारी होती रही। किन्नौर और रोहडू सहित मंडी की शिकारी देवी, कमरूनाग घाटी, छोटा भंगाल, चौहार घाटी में हल्की बर्फबारी हुई। धौलाधार, सिरमौर
जिला के चूड़धार, हरिपुरधार एवं नौहराधार में भी ताजा हिमपात हुआ। चायल में काफी बर्फबारी हुई है। कंडाघाट-चायल-कुफरी मार्ग बंद हो गया। अर्की, कुनिहार, धर्मपुर और कसौली में सामान्य बारिश हुई है। बीबीएन में न के बराबर बारिश होने से किसान मायूस हैं।
आज भी कई जगह बारिश, बर्फबारी- रविवार को प्रदेश के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा तथा उच्च पर्वतीय क्षेत्रों लाहौल स्पीति, किन्नौर और मंडी, कुल्लू, चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश होने का पूर्वानुमान है।
कहां पर कितनी बर्फबारी- शिमला में 4.9 सेंमी, कल्पा में 2 सेंमी, सोलंगनाला में 15 सेंमी, गुलाबा में 30 सेंमी, रोहतांग दर्रा में 45 सेंमी ताजा बर्फबारी हुई।
अधिकतम तापमान- शिमला 3.3, धर्मशाला 15.4, ऊना 23.8, नाहन 15.6, सोलन 12.5, मनाली 5.6 डिग्री सेल्सियस। न्यूनतम तापमान- शिमला 1.9, केलांग माइनस 5.4, कल्पा माइनस 1, धर्मशाला 6.4, ऊना 7.4, मनाली 1.4 डिग्री सेल्सियस।