हिमाचल राज्य सहकारी बैंक बीओडी बैठक
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल राज्य सहकारी बैंक स्ट्रीट वेंडर्ज को बिना अमानत 10 हजार रुपये तक का ऋण देगा। शनिवार को बैंक के अध्यक्ष खुशीराम बालनाटाह की अध्यक्षता में हुई निदेशक मंडल की बैठक में केंद्र सरकार की नई व्यवसाय उन्मुख ऋण योजना को बैंक ने अपने ऋण पोर्टफोलियो में शामिल करने पर मुहर लगाई। इसके अलावा निदेशक मंडल ने अपने 357 कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए उन्हें 4-9-14 सेवा लाभ देने को को भी मंजूरी दी।
राज्य सहकारी बैंक के निदेशक मंडल की बैठक शनिवार को बैंक के सांगटी स्थित परिसर में संपन्न हुई। भारतीय रिजर्व बैंक और नाबार्ड को संप्रेषित वैधानिक सामयिक रिपोर्ट की भी समीक्षा की गई। भारत सरकार के आवास एवं शहरी मामले मंत्रालय की ओर से संचालित ब्याज अनुदान आधारित आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत स्ट्रीट वेंडर्ज के लिए अमानत रहित ऋण योजना को लागू करने बारे भी निदेशक मंडल ने स्वीकृति प्रदान की। इस योजना के तहत प्रदत्त ऋण पर ब्याज में सात प्रतिशत अनुदान का भी प्रावधान है।
यह योजना छोटे कारोबारियों के लिए काफी लाभदायक सिद्ध होगी। बैंक अध्यक्ष ने बताया कि निदेशक मंडल ने पात्र बैंक कर्मचारियों को प्रदेश सरकार की तर्ज पर 4-9-14 सेवा लाभ देने का भी निर्णय लिया। इस निर्णय से लगभग 357 कर्मचारियों को इसका सीधा लाभ होगा। बैठक में बैंक निदेशक मंडल के सदस्यों में शेर सिंह चौहान, बलदेव भंडारी, प्रियब्रत शर्मा, पीतांबर नेगी, राम गोपाल ठाकुर, राकेश गौतम, विनय नेगी, द्रौपती ठाकुर, गणेश दत्त, विजय ठाकुर, रमेश कुमार सहित नाबार्ड क्षेत्रीय कार्यालय शिमला के मुख्य महाप्रबंधक दिनेश कपिला, बैंक के प्रबंध निदेशक डॉ. पंकज ललित और महा प्रबंधक डॉ. आरपी नैंटा मौजूद रहे।