मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि शिमला ग्रामीण विधानसभा फिलहाल उनकी सीट है। विक्रमादित्य सिंह के लिए कोई और सीट ढूंढ लेंगे। मंगलवार को बल्ह के कंसाचौक में आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी के बेटे रिंपल चौधरी की शादी की रिसेप्शन में पहुंचे मुख्यमंत्री ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में यह बात कही।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि फिलहाल उनका चुनाव क्षेत्र शिमला ग्रामीण है। वह इसी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। बेटे विक्रमादित्य सिंह के लिए उन्होंने कोई विधानसभा क्षेत्र चुनने की बात कही है। उन्होंने वर-वधु को भी आशीर्वाद दिया।
उनके साथ उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह, आईपीएच विद्या स्टोक्स, स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर, ग्रामीण विकास मंत्री अनिल शर्मा और विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद थे। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सीएम ने विक्रमादित्य सिंह के शिमला ग्रामीण से चुनाव लड़ने की बात कही थी।