फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्राम सड़क योजना के तहत खर्चे 2352 करोड़: वीरभद्र सिंह

Sat, 14 May 2016 09:37 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
बसंतपुर में वृद्धाश्रम का लोकार्पण करते मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हासिल उपलब्धियों की समीक्षा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में योजना शुरू होने से अब तक 3342 बस्तियों को जोड़ने के लिए 1975 कार्यों को पूरा किया जा चुका है। इस पर अब तक 2352 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा चुकी है।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की उन पात्र बस्तियों को सड़क सुविधा से जोड़ना है जो कनेक्टिविटी से वंचित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 163 सड़कों और 27 पुलों के निर्माण के लिए चालू वित्त वर्ष के दौरान 649 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसमें 1165 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण कर 45 बस्तियों को लाभान्वित किया जाएगा। इस अवसर पर सीएम ने लोक निर्माण विभाग को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि वर्ष 2019 तक पात्र बस्तियों को इसके तहत शामिल किया जा सके। उन्होंने संबंधित जिला प्रशासन और निर्वाचित प्रतिनिधियों को सड़कों के तीव्र निर्माण के लिए लाभार्थियों से संपर्क कर उन्हें स्वेच्छा से भूमि दान करने के लिए प्रेरित करने के लिए कहा।
विज्ञापन


बसंतपुर में खुलेगा पॉलीटेक्निक कॉलेज
बसंतपुर (शिमला)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि शिमला ग्रामीण के लिए 105 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन घरोग-घंडल जलापूर्ति योजना शीघ्र पूरी की जाएगी। इस योजना से विकास खंड मशोबरा की 29 और बसंतपुर की 12 पंचायतों सहित 41 पंचायतें लाभान्वित होंगी। इसके अतिरिक्त जलापूर्ति योजना पंदोआ शीघ्र आरंभ की जाएगी, यह सिराज क्षेत्र की 7 पंचायतों की पेयजल आवश्यकताओं को पूरा करेगी।

वीरभद्र सिंह ने बसंतपुर में पॉलीटेक्निक खोलने की घोषणा की मुख्यमंत्री शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बसंतपुर में शुक्रवार को एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। वीरभद्र सिंह ने कहा कि सरकार ने वर्षा ऋतु के दौरान पानी की कमी वाले क्षेत्रों में चैक डैमों का निर्माण कर जल संग्रहण की योजना बनाई है। इस पानी का उपयोग बेमौसमी सब्जियों के उत्पादन के लिए किया जा सकता है, जिससे पहाड़ी लोगों की आर्थिकी में बदलाव आएगा।

उन्होंने लोगों से पुष्प उत्पादन और अन्य संबद्ध नकदी फसलों का उत्पादन करने का आह्वान किया। अकेले सरकारी क्षेत्र में सभी को नौकरियां देना मुश्किल है। शिमला ग्रामीण निर्वाचन क्षेत्र के विकास की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों के दौरान इस क्षेत्र में तीन प्राथमिक पाठशालाएं, 8 माध्यमिक पाठशालाएं, 7 उच्च पाठशालाएं और 8 वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाएं खोली गई हैं।

इसके अतिरिक्त सुन्नी और धामी के 16 मील में दो डिग्री महाविद्यालय और आनंदपुर में एक ललित कला महाविद्यालय खोला गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों के दौरान हलोग-धामी, सुन्नी और शोघी में 3 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जलोग, धामी और दाड़गी में तीन औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खोले गए हैं। निर्वाचन क्षेत्र में दुग्ध अभिशीतल प्लांट स्थापित किया जाएगा ताकि किसान दुध बेच सकें और शीतल प्लांट में इसका भंडारण कर सकें।

मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व बसंतपुर में 4 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित वृद्धाश्रम का लोकार्पण किया। इस आश्रम की आधारशिला उन्होंने जनवरी, 2013 में रखी थी। उन्होंने कहा कि यह उनकी एक महत्वाकांक्षी परियोजना थी और इसमें 50 लोगों को रहने की सुविधा उपलब्ध होने के साथ-साथ उन्हें नि:शुल्क चिकित्सा सेवाएं भी दी जाएंगी।

उन्होंने कहा कि सरकार स्वयंसेवी संस्थाओं को राज्य में इस प्रकार के वृद्धाश्रम और अनाथ आश्रम संचालित करने के लिए सहायता प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री ने एक करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, घैणी के नव-निर्मित भवन का लोकार्पण भी किया।

उन्होंने 2.08 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, नीन के भवन की आधारशिला के अलावा नीन में 24 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बडमैन में 23.24 लाख रुपये की लागत से बनने वाले लोक निर्माण विभाग के कार्यालय भवन की शाखा तथा बसंतपुर में 1.46 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन की आधारशिलाएं भी रखीं।

नीन और घैणी में भी जनसभा
इससे पूर्व, नीन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, नीन तथा घैणी को सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए प्रत्येक स्कूल 10 हजार रुपये की घोषणा की। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, नीन के स्कूल मैदान को चौड़ा करने तथा इसमें पेवेलियन का निर्माण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने घैणी में भी एक जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर राज्य युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राज्य में स्वरोजगार के लिए 62000 युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से कौशल विकास निगम का गठन किया गया है।

मुख्यमंत्री ने किया चेवड़ी गांव का दौरा
मुख्यमंत्री  वीरभद्र सिंह ने शुक्रवार को शिमला जिले की सुन्नी तहसील के बाढ़ प्रभावित गांव चेवड़ी का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार लापता युवाओं की तलाश के लिए हर संभव प्रयास कर रही है और राष्ट्रीय आपदा राहत बल (एनडीआरएफ) ने पहले ही तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

उन्होंने कहा कि मृतकों के आश्रितों में प्रत्येक को 4 लाख रुपये की राशि दी गई है। चार अन्य परिवारों को भी त्वरित वित्तीय राहत वितरित की गई है।  वीरभद्र सिंह ने एनडीआरएफ  के प्रभारी के साथ मामले पर चर्चा की और लापता व्यक्तियों के परिजनों से भी बातचीत की।

सीएम आज नारकंडा में
शिमला ग्रामीण में शुक्रवार को कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शनिवार को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह नारकंडा का दौरा करेंगे। इस दौरान 15 मई को हाटू मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। रविवार सुबह छह बजे वह मंदिर पहुंचेंगे।

दो घंटे तक मंदिर में पूजा अर्चना के बाद वह शिमला आएंगे। इससे पहले 14 मई को मुख्यमंत्री नारकंडा के सर्किट हाउस सड़क मार्ग से जाएंगे और रात को नारकंडा में रहने के बाद 15 मई को सुबह नौ बजे शिमला पहुंचेंगे।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें