मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि चंबा में हुए गोहत्या मामले को विश्व हिंदू परिषद और कुछ अन्य संगठन राजनीतिक मुद्दा बना कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास रहे हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी को भी इजाजत नहीं दी जाएगी।
गोहत्या एक जघन्य आपराधिक मामला है। पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है। शुक्रवार को चार जिलों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण समारोह में मंडी पहुंचे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में माना कि चंबा में गोहत्या हुई है।
एक मुस्लिम परिवार ने गोहत्या की है और शिकायत करने वाला भी मुस्लिम है। सरकार इस मामले पर नजर बनाए हुए है। वहीं, पठानकोट में सेना के एयरबेस पर हुए आतंकी हमले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था चौकस है।
शपथ समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि 14वें वित्त आयोग से अब सीधे पंचायतों को विकास कार्यों के लिए पैसा मिलेगा। नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को सरकार प्रशिक्षण देगी ताकि वे जानकारी हासिल कर विकास करवा सकें।