मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि मंत्री अनिल शर्मा ने अपने हित के लिए कांग्रेस का प्रयोग किया है। अब चुनाव में जनता उन्हें इसका अच्छा सबक सिखाएगी। अनिल शर्मा और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुख राम शर्मा पर बरसते हुए उन्होंने कहा कि उनकी स्थिति अब जनता में आया राम गया राम जैसी हो गई है।
वीरभद्र ने मंगलवार को कुल्लू जिले के भुंतर, बंजार और मनाली में जनसभाएं। मनाली में जनसभा में उन्होंने भाजपा के स्टार प्रचारकों पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के कई बाहरी नेताओं की फौज हिमाचल में चुनाव प्रचार को ऐसे पहुंच रही है कि मानो वे सीमा पर युद्ध लड़ने जा रहे हों।
बंजार में उन्होंने कहा कि गुड़िया कांड को भाजपा ने हौव्वा बनाया है और भ्रामक प्रचार किया है। सीबीआई को आज कई माह हो गए है, लेकिन नतीजा कुछ भी नहीं निकला है। अभी भी लोगों को सीबीआई की रिपोर्ट का इंतजार है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह हिमाचल में विकास न होने की बात कह रहे हैं। वह इसे साबित करें कि हिमाचल में कहां विकास नहीं हुआ है। भुंतर में उन्होंने कहा कि महेश्वर सिंह 21वीं सदी में 18वीं सदी की सोच रखते हैं।
सैर करने हिमाचल आ रहे भाजपा के प्रचारक
दूरदराज के क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के लिए रेवड़ियों की तरह कॉलेज बांटे हैं। हिमाचल हर दिशा में आगे बढ़ा है, लेकिन भाजपा को कभी विकास नहीं दिखता है। यह लोग आंख के अंधे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दरअसल भाजपा के नेता पर्यटन प्रेमी हैं। उन्हें हिमाचल खासा पसंद हैं। वे चुनाव के बहाने हिमाचल की सैर का लुत्फ उठा रहे हैं। अच्छी बात है कि प्रचार के बहाने ही सही लेकिन भाजपा के नेताओं के दर्शन तो हो रहे हैं। भाजपा के तमाम प्रयासों के बावजूद हिमाचल और गुजरात में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
मनाली में कांग्रेस प्रत्याशी हरि चंद शर्मा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव धर्मवीर धामी, मंडल अध्यक्ष भुवनेश्वर गौड़, देंवेंद्र नेगी, बंजार में कांग्रेस प्रत्याशी आदित्य विक्रम सिंह, पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर, डा शिवानी सिंह, मंडल अध्यक्ष राम सिंह मियां, टहल सिंह राणा, भुंतर में कांग्रेस प्रत्याशी सुंदर सिंह ठाकुर, प्रदेश महासचिव अरूण शर्मा, जिप सदस्य प्रेम लता ठाकुर, नप उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत, मंडल अध्यक्ष उत्तम शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।