मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कांग्रेस संगठन की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल उठाए हैं। शिमला ग्रामीण की 24 पंचायतों के महिला मंडलों के लिए सम्मेलन में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस में अब जिसकी लाठी उसकी भैंस जैसी स्थिति है।
उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस का माहौल बदल चुका है। पहले काबिलियत और जमीनी स्तर पर पकड़ रखने वालों को संगठन में पद दिए जाते थे। उन्होंने कहा कि तालाब चाहे जितना ही बड़ा क्यों न हो, अगर उसमें पानी आने-जाने की व्यवस्था न हो तो गंदा हो जाता है। संगठन में भी ऐसा ही है।
सीएम ने कहा कि मैं पांच बार पीसीसी का अध्यक्ष रहा हूं। उन्होंने कहा कि पहले संगठन में सदस्य बनने, ब्लॉक और जिला से लेकर प्रदेश कार्यकारिणी के चुनाव होते थे। हाईकमान और कांग्रेस वर्किंग कमेटी भी चुनाव से बनती थी, लेकिन ये तब की बात है।
अब तो जिसकी लाठी उसकी भैंस जैस स्थिति है। वीरभद्र सिंह ने कहा कि मैं सिर्फ कांग्रेस की बात नहीं कर रहा हूं, हर पार्टी की यही स्थिति है। उन्होंने कहा कि हमें प्रजातांत्रिक तरीके से चलना चाहिए। पार्टियों के अंदर भी हमेशा नई भर्ती होनी चाहिए।