मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मंगलवार को ओक ओवर शिमला में भारतीय विदेश सेवा के प्रभारी संकाय अनवर हलीम के नेतृत्व में 13 वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के दल से भेंट की। इस अवसर पर मुख्य सचिव वीसी फारका भी उपस्थित थे।
दल में भारतीय सेना, नौ सेना, वायु सेना के दस अधिकारियों के अतिरिक्त तीन अधिकारी बांग्लादेश, मलेशिया और जापान से थे। ये ‘राष्ट्रीय सुरक्षा एवं सामरिक अध्ययन’ विषय पर नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय में विशेष कोर्स कर रहे हैं।
वे मंगलवार को सामाजिक-आर्थिक विकास के विभिन्न पहलुओं, विधि, कानून-व्यवस्था, महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, ऊर्जा और गैर सरकारी संगठनों के अध्ययन के लिए फील्ड भ्रमण पर आए थे।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के साथ विकास के विभिन्न पहलुओं जैसे मानव संसाधन विकास परिदृश्य पर प्रभाव डालने वाले सामाजिक मामलों और सामाजिक सौहार्द, एकता आदि मामलों पर भी चर्चा की।
इस दौरान कृषि, बागवानी, पर्यटन और शिक्षा के क्षेत्र में विकास पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों का दल शिमला के स्वयं सहायता समूहों और धर्मशाला में कार्यरत कुछ गैर सरकारी संगठनों के सदस्यों के साथ भी भेंट करेगा। इसके अतिरिक्त दल प्रदेश सचिवालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी वार्तालाप करेगा।
इस अवसर पर भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी डॉ. जी. अनुपमा, एयर कोमोडोर एमआर मिश्रा, ब्रिगेडियर एसके विद्यार्थी, ब्रिगेडियर गोपाल वर्मा, विशेष सेवा मेडल कोमोडोर विनीत मर्काटी, बांग्लादेश के कैप्टन एजेडएम जलाल उषीन, मलेशिया के ब्रिगेडियर जनरल दतूक जमालुद्दीन बिन जंबी, जापान के कैप्टन हिरोकी तकेशीमा, एएफएचक्यू-सीएस के ब्रिगेडियर देवेंद्र कु मार, ब्रिगेडियर एके रमेश, ब्रिगेडियर रश्मि बाली, ब्रिगेडियर संजय मित्रा, ब्रिगेडियर एनएस जादव, वायु कोमोडोर अनुराग जोशी, प्रमुख सलाहकार टीजी नेगी और हिपा के निदेशक मधु शर्मा भी उपस्थित थे।