प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के हिमाचल दौरे के बाद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भी कमर कस ली है। सूबे में इस साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कमान अपने हाथों में लेते हुए सीएम ने विधायक दल की बैठक बुलाई है। यह बैठक उनके सरकारी आवास ओक ओवर में 6 मई को शाम 6:00 बजे बुलाई गई है। बैठक में चुनावी रणनीति के अलावा मोदी लहर की काट तलाशी जाएगी।
चुनावी मुद्दों और विधायकों से फील्ड रिपोर्ट पर भी चर्चा होगी। उद्योग एवं संसदीय कार्य मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव से संबंधित नीति निर्धारण और विचार-विमर्श किया जाएगा। हालांकि, सूत्र बताते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के दौरे और उनके द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर पार्टी विधायक, मंत्री और खुद मुख्यमंत्री बयान देकर विरोध कर रहे थे।
लेकिन इस बयानी विरोध पर पार्टी सक्रिय नहीं दिख रही थी। लिहाजा, अब मुख्यमंत्री ने खुद कमान अपने हाथों में ले ली है। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में न सिर्फ मोदी लहर की काट ढूंढने का प्रयास किया जाएगा बल्कि सरकार की उपलब्धियों को कैसे लोगों तक पहुंचाया जाए, इस पर भी चर्चा हो सकती है।
संगठन चुनावों पर भी हो सकती है चर्चा
अगले तीन महीनों में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के चुनाव होने हैं। बताया जा रहा है कि इस बैठक में संगठन चुनावों पर भी चर्चा हो सकती है। चूंकि वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बीच टकराव जगजाहिर है। ऐसे में संभव है कि बैठक में पार्टी के चुनावों को लेकर भी मुख्यमंत्री चर्चा कर सकते हैं।