मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सोमवार को नई दिल्ली स्थिति सीबीआई की विशेष अदालत में पेश होंगे। आय से अधिक संपत्ति मामले में सीबीआई अदालत ने मुख्यमंत्री, उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह व अन्य सात लोगों को बतौर आरोपी समन जारी किया है। सुनवाई से तीन दिन पहले ही मुख्यमंत्री दिल्ली पहुंच गए हैं।
बताया जा रहा है कि रविवार को मुख्यमंत्री ने कुछ वरिष्ठ अधिवक्ताओं से मिलकर कानूनी सलाह ली। इसके अलावा प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी और वरिष्ठ नेता अहमद पटेल से भी उन्होंने इस दौरान मुलाकात की। मुलाकात कर उन्हें प्रदेश के सियासी हालात से अवगत करवाया।
सीबीआई ने वीरभद्र सिंह पर बतौर केंद्रीय मंत्री रहते हुए 10 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में चार्जशीट दाखिल की थी। यह राशि उनकी घोषित आय से 192 प्रतिशत अधिक पाई गई।