फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्वतंत्रता दिवस पर सीएम ने कर्मचारियों को दी बड़ी सौगात

विज्ञापन
विज्ञापन
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने राज्य सरकार के कर्मचारियों एवं पेंशनरों को पहली जनवरी 2015 से छह प्रतिशत महंगाई भत्ता प्रदान करने की घोषणा की, जिससे राजकोष पर 400 करोड़ रुपये का वित्तीय बोझ पड़ेगा। इसमें 300 करोड़ कर्मचारियों और 100 करोड़ पेंशनरों पर खर्च होगा।
विज्ञापन


इसका लाभ राज्य के लगभग पौने दो लाख कर्मचारियों और करीब डेढ़ लाख पेंशनरों को होगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि राज्य के सभी प्रमुख शहरों को इस वित्त वर्ष के दौरान वाई फाई सुविधा से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं शिमला के रिज मैदान पर राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में कीं।

प्रदेश में 69वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राज्यस्तरीय समारोह राजधानी शिमला में हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एंबुलेंस सेवा के तहत आठ एंबुलेंस रवाना कीं।  ये मुख्यत: हिमपात से प्रभावित रहने वाले क्षेत्रों में उपयोग में लाई जाएंगी।
विज्ञापन

सरकार की योजनाओं की जमकर तारीफ

राज्यस्तरीय समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने की। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स और एनएसएस के स्वयंसेवियों की ओर से प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने परेड की अगुवाई की। प्रदेश के विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

इस अवसर पर वीरभद्र सिंह ने अपने संबोधन में प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस पर बधाई देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश अपने गठन के बाद से ही तेजी के साथ विकास एवं खुशहाली की राह पर आगे बढ़ा है। इस मौके पर मुख्य संसदीय सचिव नंदलाल, मनसा राम एवं रोहित ठाकुर, स्थानीय विधायक सुरेश भारद्वाज, मुख्य सचिव पी. मित्रा, अतिरिक्त मुख्य सचिव वीसी फारका सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

चार लोगों को किया सम्मानित

सीएम वीरभद्र सिंह ने कहा कि पिछले अढ़ाई सालों में 750 से अधिक नए स्कूल खोले अथवा स्तरोन्नत तथा 22 नए कॉलेज भी खोले गए हैं। इस वर्ष ऐसे 10 हजार विद्यार्थियों को लैप टॉप प्रदान किए जाएंगे। इस कार्यकाल के दौरान 1275 नई सड़कें ओर 120 पुलों का निर्माण करवाया एवं 232 गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा। घरेलू उपभोक्ताओं को बाजार की कीमत से आधी कीमत पर तीन एलईडी बल्ब दिए जाएंगे। 14वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुरूप पंचायतों को 195 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। दिहाड़ीदारों की दिहाड़ी 150 रुपये से बढ़ाकर 180 रुपये की गई है। 31 मार्च, 2015 को आठ वर्ष का नियमित सेवाकाल पूरा करने वाले सभी अंशकालिक कर्मचारियों को दैनिक भोगी बनाने का निर्णय सरकार ने लिया है।

मुख्यमंत्री ने सेंट एडवर्ड स्कूल शिमला के 12वीं कक्षा के विद्यार्थी रहे पारस राठौर के पिता कुलदीप सिंह को सम्मानित किया, जिन्होंने एक दुर्घटना में मारे गए अपने पुत्र के सभी अंगों का दान किया। उन्होंने जनगणना अभियान 2011 में सराहनीय सेवाओं के लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी राजेंद्र सिंह को सम्मानित किया, जो वर्तमान में उद्योग विभाग के निदेशक हैं। विज्ञान, पर्यावरण एवं प्रौद्योगिकी विभाग की सचिव नंदिता गुप्ता और हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा के अधिकारी राम कुमार गौतम को भी रजत पदक से सम्मानित किया गया।
विज्ञापन

इन्होंने यहां फहराया राष्ट्रीय ध्वज

इसके अलावा प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष बीबीएल बुटेल ने कुल्लू में, स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने सोलन में, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री जीएस बाली ने मंडी में और ऊर्जा मंत्री सुजान सिंह पठानिया ने सिरमौर में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता की।

वहीं, वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने लाहौल- स्पीति जिला के केलांग में, उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने धर्मशाला में, शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने ऊना में, आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी ने चंबा में, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने बिलासपुर में, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा ने हमीरपुर में तथा प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष जगत सिंह नेगी ने किन्नौर जिला के मुख्यालय रिकांगपिओं में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता की।

मुख्य संसदीय सचिव नीरज भारती, जगजीवन पाल उद्योग मंत्री के साथ कांगड़ा के धर्मशाला में, मुख्य संसदीय सचिव राजेश धर्माणी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री के साथ बिलासपुर में, मुख्य संसदीय सचिव विनय कुमार ऊर्जा मंत्री के साथ नाहन में, मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर तथा मनसा राम खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री के साथ मंडी में तथा मुख्य संसदीय सचिव इंद्र दत्त लखनपाल हमीरपुर में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री के साथ उपस्थित रहे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें