मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि उनका मन साफ है और वह साफ बात करने से कभी गुरेज नहीं करते। उन्हें आज देश में पार्टी की कमजोरी की मुख्य वजह पिछले कई साल से संगठनात्मक चुनाव का न होना लगता है। संगठन में सीधे चुनावों की जरूरत पर बल देते हुए सीएम ने कहा कि चुनाव से नया जोश आता है और नेताओं को बल मिलता है।
सीएम वीरवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में संबोधित कर रहे थे। षड्यंत्रकारियों से सचेत रहने का आह्वान करते हुए सीएम ने कहा कि कांग्रेस उनका घर है और जब तक उनका जीवन है, वे कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं।
उन्होंने बैठक में सभी पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि चर्चा के सार्थक परिणाम मिलेंगे और सभी पदाधिकारी मतभेद भुलाकर पार्टी की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करेंगे। कांग्रेस प्रदेश में पूरी मजबूती के साथ आगामी विधानसभा चुनाव में उतरेगी और फिर से सरकार बनाएगी।