मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मंगलवार शाम पांच बजे सूबे के सबसे बड़े स्वास्थ्य चिकित्सा संस्थान इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (आईजीएमसी) पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ता मनोज अधिकारी का हाल जाना। मनोज बीते सोमवार को डीसी दफ्तर के बाहर पार्टी प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंकते वक्त आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए थे।
इन्हें उपचार के लिए आईजीएमसी में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री ने मनोज से मिलकर कहा - तुम जल्दी ठीक हो जाओगे। इससे पहले मंगलवार सुबह आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स और परिवहन मंत्री जीएस बाली ने भी आईजीएमसी पहुंचकर मनोज का हालचाल जाना।
आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सक अधीक्षक डॉ. रमेश चंद ने बताया कि मनोज का चिकित्सकों की देखरेख में उपचार चल रहा है। मनोज का उपचार आईजीएमसी के स्पेशल वार्ड के कमरा नंबर 635 में चल रहा है।
राहुल गांधी ने की स्वास्थ्य लाभ की कामना- अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शिमला में प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान घायल हुए कार्यकर्ताओं के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
इस घटना के प्रति अपनी संवेदना संदेश में राहुल गांधी ने कहा कि उनकी संवेदनाएं घायल कार्यकर्ताओं के साथ हैं। उन्होंने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। उन्होंने गंभीर रूप से घायल पार्टी कार्यकर्ता मनोज अधिकारी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की है।