भाजपा कार्यकाल में रामपुर भारापुर पॉलीटेक्निक कॉलेज की नींव सुंकर खड्ड के समीप रखने पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और तकनीकी शिक्षा मंत्री जीएस बाली भड़क गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि खड्ड के साथ कॉलेज की जमीन चयन करने वाले से पुल बनाने की आधी कीमत वसूली जाएगी।
उन्होंने कहा कि जितना पैसा भवन बनाने में खर्च हुआ, अब उतना ही पैसा चहारदीवारी और पुल बनाने पर खर्च करने होंगे। सीएम ने कहा कि पुल बनाने के लिए तीन पार्टियों से पैसा लिया जाएगा। इनमें लोनिवि, तकनीकी शिक्षा विभाग और यहां भूमि चयन करने वाली पार्टी होगी।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और जीएस बाली शनिवार को 10 करोड़ से अधिक लागत से नव निर्मित पॉलीटेक्निक कॉलेज भवन का उद्घाटन करने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पांवटा में हजारों बीघा शानदार भूमि उपलब्ध है फिर खड्ड में कॉलेज भवन बनाने का क्या औचित्य था?