मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू
- फोटो : संवाद
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भोरंज में नुक्कड़ सभा में कहा कि बड़सर में सोमवार को पकड़े गए 55 लाख रुपये बिकाऊ विधायकों के हैं। कांग्रेस सरकार ने हर क्षेत्र में नाकाबंदी करवाई हुई है। भाजपा की ओर से बिकाऊ विधायकों को दिए गए करोड़ों रुपयों को इसी तरह जब्त किया जाएगा। भ्रष्टाचार के पैसे को पकड़ कर रहेंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि जन बल जीतेगा, धनबल हारेगा। लोकतंत्र को जनता ही जीवंत रख सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुराग ठाकुर बताएं चार बार सांसद रहते कौन से प्रोजेक्ट हिमाचल प्रदेश के लिए लाए। अनुराग अब जनता को ठगना छोड़कर कामों का हिसाब देना शुरू करें। सांसद रहते वह अपने पिता व पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के शिलान्यास वाले हमीरपुर बस अड्डे का निर्माण कार्य तक नहीं करवा पाए। वह केंद्र से भी पैसा ला सकते थे। मैंने मुख्यमंत्री बनने के बाद हमीरपुर बस अड्डे के लिए 50 करोड़ रुपये दिए। बस स्टैंड का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और एक वर्ष में काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। भोरंज का बस स्टैंड हमने दिया। आप हमीरपुर से 26 साल से भाजपा सांसद चुनकर भेज रहे हैं, इस बार कांग्रेस उम्मीदवार सतपाल रायजादा को जिताकर भेजेंे, साथ मिलकर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की सूरत बदल देंगे।
इंद्रदत्त लखनपाल भाजपा में जाकर रो रहे हैं कि नई दुल्हन हूं। एक घर का उजाड़ कर दूसरी जगह गए हैं अब इनका घर भी उजड़ेगा। चकमोह में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने यह बात कही। सीएम सुक्खू ने कहा कि जो बिक जाए, वह सच्चा सेवक नहीं हो सकता है। सवाल पूछते हुए सीएम सुक्खू ने कहा कि आपदा में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर इतनी हिम्मत भी नहीं जुटा पाए कि गृह मंत्री को एक पत्र लिख देते। पत्र के साथ फोटो लेकर सोशल मीडिया पर डाल देते।