पंचायतें भारतीय लोकतंत्र की सबसे सशक्त इकाई हैं और ग्राम स्वराज के सपने को साकार करने में उनकी केंद्रीय भूमिका है। पंचायत प्रतिनिधि सरकार और जनता के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। यह बात मुख्यमंत्री ने वीरवार को कांगड़ा के नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों और उपप्रधानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाने के दौरान जनसभा में कही। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को प्रदेश को चिट्टा मुक्त बनाने और नशे के विरुद्ध जन आंदोलन को सशक्त बनाने का सामूहिक संकल्प भी दिलाया। प्रदेश सरकार व्यवस्था परिवर्तन के संकल्प के साथ हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। वित्तीय अनुशासन, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और फिजूलखर्ची पर नियंत्रण के माध्यम से हजारों करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया है। कहा कि हिमाचल के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी, अगले पांच वर्षों में प्रदेश आत्मनिर्भर बनेगा।
राज्य सरकार ने प्रदेश के हितों की रक्षा करते हुए 422 मेगावाट क्षमता वाली किशाऊ बांध परियोजना में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। भारत सरकार ने सैद्धांतिक रूप से सहमति दी है कि इस परियोजना के जल घटक से लाभान्वित राज्य हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली हिमाचल प्रदेश के हिस्से के विद्युत घटक की लगभग 2,000 करोड़ रुपये की लागत वहन करेंगे, जिससे राज्य पर वित्तीय बोझ कम होगा। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवा रही है। स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार ने अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों के आधुनिकीकरण के लिए 213.75 करोड़ रुपये का निवेश किया है।
सीएम सुक्खू ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सपने को हमने धरातल पर उतारा है। हमने घोषणा ही नहीं की बल्कि उसे धरातल पर उतारने के लिए योजना भी बनाई है। जयराम ठाकुर ने कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने का सपना देखा था। कांग्रेस सरकार ने गगल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण को 2500 करोड़ रुपये जारी कर इसे धरातल पर उतारने का कार्य किया है। जब गगल एयरपोर्ट पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाएगा तो यहां पर नेशनल और इंटरनेशनल स्तर की उड़ानें होंगी। प्रदेश सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यहां पर मैच करवा रही है। आयोजकों से किसी प्रकार की फीस नहीं ली जा रही है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में कांग्रेस का विधायक न होते हुए भी कांग्रेस के प्रत्याशी रहे देवेंद्र जग्गी यहां की मांगों को सरकार के समक्ष लगातार उठा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटकों को यहां पर कैसे रोका जाए, इसके लिए 650 करोड़ रुपये से बनखंडी में चिड़ियाघर बनाया जा रहा है। इस चिड़ियाघर में देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी जानवरों को लाया जाएगा, जो कि पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे। चिड़ियाघर में साउथ अफ्रीका के जानवरों को रखा जाएगा। इसके लिए साउथ अफ्रीका सरकार और प्रशासन से बात हो चुकी है और जल्द ही वहां के जानवर यहां आएंगे।