सीएम सुक्खू ने विशेष एथलीटों और प्रशिक्षकों को शिमला से किया रवाना।
- फोटो : संवाद
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इटली के ट्यूरिन में 7 से 16 मार्च 2025 तक होने जा रहे विशेष ओलंपिक विश्व शीतकालीन खेलों के लिए चयनित प्रदेश के एथलीटों और प्रशिक्षकों को सोमवार को राजधानी शिमला से रवाना किया और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रदेशवासियों के लिए खुशी की बात है कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए चयनित 49 सदस्यीय भारतीय दल में से 24 एथलीट और कोच हिमाचल प्रदेश से संबंधित हैं। उन्होंने कहा कि ये एथलीट स्कीइंग, स्नोबोर्डिंग, क्रॉस कंट्री स्कीइंग, स्नोशूइंग और फ्लोरबाल जैसी विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेंगे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी प्रतिभागी बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे। राज्य सरकार प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है।
सरकार इस प्रतियोगिता के पदक विजेताओं को सम्मानित करेगी। युवाओं में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की है। सरकार के इस प्रयास का उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों के प्रति उत्साहवर्धन करना है ताकि वे नशे की बुराई से बच सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक विजेताओं के लिए पुरस्कार राशि 3 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये की गई है। रजत पदक विजेताओं के लिए 2 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 3 करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेताओं के लिए 1 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये की गई है।
एशियाई खेलों और एशियाई पैरा खेलों के लिए स्वर्ण पदक विजेताओं के लिए पुरस्कार राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 4 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं के लिए 30 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.5 करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेताओं के लिए 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.5 करोड़ रुपये की गई है। प्रदेश सरकार ने राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेताओं के लिए पुरस्कार राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 3 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं के लिए 30 लाख रुपये से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेताओं के लिए 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये की गई है। इस अवसर पर शिमला शहर के विधायक हरीश जनारथा भी उपस्थित रहे।