अगले साल से आईजीएमसी, टांडा में एम्स की तर्ज पर उपचार : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि अगले साल से आईजीएमसी शिमला और टांडा मेडिकल कॉलेज में एम्स दिल्ली की तर्ज पर जांच और उपचार सुविधा मिलेगी। जिन शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों की संख्या कम है या जहां पर छात्रों को क्वालिटी एजुकेशन नहीं मिल पा रही है, वे अगले शैक्षणिक सत्र से बंद कर दिए जाएंगे। उन संस्थानों के विद्यार्थियों के लिए निकट के अच्छे संस्थानों में सीटें बढ़ाई जाएंगी। विद्यार्थियों को आने-जाने का खर्च भी सरकार देगी। मुख्यमंत्री ने सोमवार को शिमला के राजीव गांधी महाविद्यालय में आयोजित वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में ये बातें कहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में एआई, डाटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी और मशीन लर्निंग जैसे कोर्स शुरू किए जाएंगे। अगले शैक्षणिक सत्र से सरकार जिला मुख्यालयों में राजीव गांधी डे बोर्डिंग को-एजुकेशन स्कूल शुरू कर रही है। डे बोर्डिंग में खेलकूद, स्वीमिंग, इंडोर खेल स्टेडियम हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।