शनिवार सुबह शिमला के चौड़ा मैदान स्थित एक निजी होटल में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पाटिल से मिलने गए। दोनों में करीब घंटे तक चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार सीएम सुक्खू ने सभी मंत्रियों के कामकाज की रिपोर्ट भी कांग्रेस प्रभारी को दी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने किसी का नाम नहीं सुझाया। उन्होंने कहा कि उनके लिए सब बराबर हैं। रजनी पाटिल से शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, कृषि मंत्री चंद्र कुमार समेत कई अन्य मंत्रियों ने भी अलग-अलग मुलाकात की।
उन्होंने भी प्रदेश अध्यक्ष के लिए काबिल लोगों की जानकारी दी। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने प्रभारी से पार्टी के कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की है। विधानसभा की बैठक की वजह से दो दिन से उनसे मिल नहीं पाए थे। पार्टी को कैसे दिशा देनी है, उन्होंने इस बारे में चर्चा की है। विधानसभा में किस तरह से मुद्दे उठाए जाने हैं और जनता की अदालत में किन-किन मद्दों को उठाना है, इस बारे में भी चर्चा की गई। संगठन के गठन के सवाल पर सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि उनके लिए सब बराबर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में अब कोई गुट रहा नहीं है। सारी पार्टी कांग्रेस की विचारधारा के साथ चल रही है। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से किसी भी नेता को अध्यक्ष बनाते हैं तो पूरा समर्थन रहेगा। इसके बाद पाटिल नई दिल्ली लौट गईं।