फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CM Sukhvinder Sukhu: आयाराम-गयाराम और धनबल की राजनीति करने वालों ने देवभूमि के जनादेश से धोखा किया

Sat, 23 Mar 2024 08:04 PM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला

सार

सीएम सुक्खू के अनुसार आयाराम-गयाराम और धनबल की राजनीति करने वालों ने देवभूमि के जनादेश से धोखा करके आज अपना ठिकाना चुन लिया।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कांग्रेस के छह बागी विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट में लिखा कि आयाराम-गयाराम और धनबल की राजनीति करने वालों ने देवभूमि के जनादेश से धोखा करके अपना ठिकाना चुन लिया है। कांग्रेस के छह अयोग्य और तीन निर्दलीय विधायकों के भाजपा का दामन थामने पर सीएम ने कहा कि आज वे उनके साथ बैठे हैं, जिन्होंने ओपीएस मांगने पर कर्मचारियों का मजाक उड़ाया।

विज्ञापन


सीएम ने कहा कि यह उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने पेपर लीक घोटाला किया और युवाओं के रिजल्ट लटकाए। जो अपने फायदे के लिए महिलाओं के विरोध में खड़े हो गए। उनके साथ चले गए हैं, जिन्होंने देवभूमि के आदर्श और मूल्यों को अपनी बेईमानी और खरीद-फरोख्त वाली राजनीति से कुचला, लेकिन लोकतंत्र में जनता-जनार्दन हैं। पैसों के लिए अपना ईमान बेचने वाले जनता का प्यार और समर्थन पैसों से नहीं खरीद सकते हैं। इसका जनता जवाब देगी। मुख्यमंत्री शनिवार को अपने सरकारी निवास स्थान ओक ओवर शिमला में ही रहे। वह दिन भर रूटीन की फाइलों को भी निपटाते रहे।

मछली पकड़ने वाले कांटे की तरह हिमाचल में प्रत्याशियों को ताक रही है भाजपा : राठौर
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता और ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि हिमाचल में चुनावों के लिए भाजपा मछली पकड़ने वाले कांटे की तरह प्रत्याशियों को ताक रही है। इसके चलते ही भाजपा ने अभी तक लोकसभा चुनाव के लिए दो प्रत्याशी तय नहीं किए हैं। राज्यसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए भी भाजपा को कांग्रेस नेता को आयात करना पड़ा। प्रदेश में सरकार और संगठन मजबूत है। चुनाव के दौरान भाजपा को करारा जवाब दिया जाएगा। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कुलदीप राठौर ने केंद्र की मोदी सरकार पर विपक्षी दलों के बैंक खाते बंद करने और विरोध की आवाज दबाने के लिए नेताओं को जेल में डालने का आरोप लगाया। भाजपा सरकार ने बीते दस साल में झूठ की बुनियाद पर सिर्फ जुमलेबाजी कर लोगों को गुमराह करने का काम किया है। देश में आज अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति है। लोकतंत्र और संविधान खतरे में है। जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को परेशान किया जा रहा है। भाजपा एक सोची समझी साजिश के तहत प्रदेश सरकार को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है, जिसमें वह सफल नहीं होगी।

पिछला एक भी वादा पूरा नहीं, अब किस बात की गारंटी
राठौर ने कहा कि लोकसभा चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को गारंटी दे रहे हैं। पिछले चुनावों में उन्होंने जो दृष्टिपत्र देश के सामने रखा था, उसका कोई भी वादा पूरा नहीं किया। न तो किसानों की आय दोगुनी हुई, न ही हर साल बेरोजगारों को 2 करोड़ रोजगार मिले। विदेशों से न तो कालाधन देश में आया और न ही हवाई चपल पहनने वालों को हवाई जहाज की कोई सुविधा मिली। देश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि राहुल गांधी को आनन फानन में लोकसभा की सदस्यता से निष्कासित किया गया। इलेक्शन बांड से भाजपा ने 12,145 करोड़ रुपये से अपना घर भरा। भाजपा धन को छिपाने का प्रयास कर रही थी लेकिन उच्चतम न्यायालय के आदेश पर एसबीआई को सब कुछ सार्वजनिक करना पड़ा है। आचार संहिता के बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया जाता है। इससे पहले झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर उन्हें भी जेल में डाला गया है।

झूठ बोलने और अफवाहें फैलाने में भाजपा नंबर वन : कांग्रेस
मुख्य संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राक्टा और किशोरी लाल ने कहा कि भाजपा झूठ बोलने तथा अफवाहें फैलाने में नंबर वन है। भाजपा की पूरी राजनीति झूठ पर टिकी है और सोची-समझी रणनीति के तहत अफवाहें फैलाई जा रही हैं। भाजपा नेता मात्र अफवाहों का बाजार गर्म कर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है, तब से एक चुनी हुई सरकार को गिराने की साजिश रची जा रही है। इस साजिश की परतें धीरे-धीरे खुल रही हैं। भाजपा का असली चेहरा प्रदेश की जनता के सामने आ रहा है। कहा कि विधानसभा चुनाव 2022 में प्रदेश के मतदाताओं ने जनविरोधी नीतियों के कारण भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया था और विपक्ष में बैठने का जनादेश दिया, लेकिन कुछ अवसरवादी ताकतों के साथ मिलकर भाजपा ने सत्ता पर डाका डालने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से बागियों को फाइव स्टार होटलों में ठहराया गया, उन्हें चार्टर्ड प्लेन और हेलीकॉप्टर की सैर कराई गई, यह सारी बातें अब प्रदेश की जनता से छिपी नहीं हैं। भाजपा नेताओं ने प्रलोभन देकर निर्दलीय विधायकों से इस्तीफा दिलवा दिया। तीन निर्दलिय कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों को हराकर विधानसभा पहुंचे थे। ऐसे में तीनों निर्दलियों को स्पष्ट करना चाहिए कि किसके दबाव में उन्होंने अपने चुनाव क्षेत्र के मतदाताओं की भावनाओं का अपमान किया है। भाजपा नेताओं काे सत्ता का लोभ छूट नहीं रहा है।

बागियों ने व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए पार्टी से किया धोखा : गोमा
 कांग्रेस के छह बागियों और तीन निर्दलियों के भाजपा में शामिल होने के बाद शनिवार शाम को आयुष मंत्री यादवेंद्र गोमा, मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी और कांग्रेस विधायक संजय रतन ने भाजपा के खिलाफ हल्ला बोला। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आयुष एवं खेल मंत्री यादवेंद्र गोमा ने कहा कि कांग्रेस के बागियों ने व्यक्तिगत स्वार्थ के चलते पार्टी के साथ धोखा किया है। कांग्रेस सरकार प्रदेश में बहुमत में है। पूरे पांच साल तक मजबूती के साथ जनता की सेवा करेगी। गोमा ने कहा कि पिछले एक महीने से भाजपा ने अस्थिरता का माहौल पैदा किया हुआ है। भाजपा ने अपने कार्यकाल के पांच साल में काम किया होता तो कांग्रेस की 40 सीट नहीं आतीं। कांग्रेस की लड़ाई का फायदा भाजपा ने उठाया है।

उन्होंने कहा कि सभी की कुछ अपेक्षाएं जरूर होती हैं, लेकिन पार्टी ने उन्हें मान-सम्मान दिया था। यह नहीं भूलना चाहिए था। परिवार में होने वाले मतभेदों को बैठकर सुलझाया जाता है। मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने कहा कि केंद्र सरकार पूरे देश में गैर भाजपा सरकारों को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है। प्रदेश में भी असफल प्रयास किया जा रहा है। बागियों ने कांग्रेस के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश के हित में काम किया है। उन पर बागी विधायकों ने बेबुनियाद आरोप लगाए हैं। निजी स्वार्थों के चलते उन्होंने ऐसा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने दस गारंटियों में से पांच को पूरा किया है, आगे भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सरकार मजबूत है और पांच साल चलेगी। संजय अवस्थी ने कहा कि सरकार और संगठन मजबूत है। एकजुट होकर आपसी समन्वय से चुनाव प्रचार में पार्टी के नेता उतरेंगे।

 

भाजपा के कई विधायक हमारे संपर्क में, जल्द करेंगे खुलासा : संजय
कांग्रेस विधायक संजय रतन ने कहा कि भाजपा के कुछ विधायक भी हमारे संपर्क में हैं। जल्द इसका खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बागियों को बताना चाहिए कि भाजपा में शामिल होने के लिए उन पर क्या दबाव था। उन्होंने कहा कि बागियों के विधानसभा क्षेत्रों में बीते एक साल के दौरान क्या-क्या कार्य हुए, कितनी नई योजनाएं शुरू हुईं, इसकी जानकारी को जल्द सार्वजनिक किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी उपचुनाव में जीत दर्ज कर और अधिक मजबूत होगी।
विज्ञापन

जनता से धोखा करने वालों को सम्मानित कर रही भाजपा : नरेश
 मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि अभी तक ओलंपिक में मेडल जीतकर आने वालों या देश की सुरक्षा करने वालों को सम्मानित करते हुए देखा है, लेकिन आज पहली बार जनता से धोखा करने वालों को भाजपा सम्मानित कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बागियों ने मतदाताओं का अपमान किया है। भाजपा ने ऐसे नेताओं को अपने दल में शामिल कर लोकतंत्र की परिभाषा को बदल दिया है। कांग्रेस की टिकट और विचारधारा पर विधायक बने इन बागियों को अब उपचुनावों में जनता सबक सिखाएगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें