विक्रमादित्य सिंह का राम मंदिर विवाद पर तीखा पोस्ट, लिखा- ‘हे रघुनंदन, हम शर्मिंदा हैं…’
अयोध्या स्थित राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा विवाद को लेकर देशभर में जारी राजनीतिक बहस के बीच हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उनकी पोस्ट के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में इस मुद्दे पर बयानबाजी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
विक्रमादित्य सिंह ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर "जय श्री राम" लिखते हुए एक भावनात्मक पोस्ट साझा की। पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'हे रघुनंदन, हम शर्मिंदा हैं, आपके नाम पर सत्ता भोगने वाले आज भी जिंदा हैं। जिन्होंने भगवे की आड़ में आपके ही धाम को लूट लिया, वो 'रामभक्त' बनने वाले ढोंगी आज भी सलाखों के बाहर परिंदा हैं।'
मंत्री ने अपनी पोस्ट में किसी व्यक्ति, संगठन या राजनीतिक दल का नाम नहीं लिया है। हालांकि, इसे राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा विवाद पर उनकी राजनीतिक प्रतिक्रिया के रूप में देखा जा रहा है।
यह पोस्ट ऐसे समय में सामने आई है, जब इस मुद्दे को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। हिमाचल प्रदेश में भी इस विषय पर लगातार राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। विक्रमादित्य सिंह की पोस्ट के बाद इस मुद्दे पर सियासी बहस और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।