मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को डिजिटल प्रौद्योगिकी और शासन विभाग की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने विभिन्न विभागों की परियोजनाओं और योजनाओं की निगरानी के लिए विकसित मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की प्रगति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शी और प्रभावी जनसेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बागवानी विभाग के कार्यक्रम इस डिजिटल मंच पर आने वाले हैं। अन्य विभागों के प्रमुख कार्यक्रम भी जल्द ही डैशबोर्ड से जुड़ेंगे। इस बैठक के दौरान बागवानी विभाग के उन कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई, जिन्हें डिजिटल मंच में शामिल किए जाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अन्य विभाग भी अपने प्रमुख कार्यक्रमों की पहचान करें। इन कार्यक्रमों को आगामी समय में वास्तविक समय की निगरानी के लिए मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर लाया जाएगा।