मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि वह दूरदराज गांवों में जाकर इसलिए रात बिताते हैं कि अधिकारी भी उनके साथ रहें और मुख्यधारा से कटे ग्रामीणों की समस्याएं समझें व विकास की योजनाओं पर काम करें। इसीलिए वह दुर्गम डोडरा-क्वार, पांगी, शिपकिला जैसे क्षेत्रों से होते हुए बागा सराहन पहुंचे हैं। वह गांवों के अति पिछड़े लोगों को पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ देकर उनका जीवन स्तर ठीक करना चाहते हैं। अनछुए सुंदर स्थलों तक पर्यटन पहुंचाना चाहते हैं। 40 साल से व्यवस्था चली आ रही है कि अफसर महज फाइलें चलाते हैं और धरातल पर काम नहीं हो रहा। अब गांव की जमीन पर काम करना होगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बागा सराहन में अमर उजाला से विशेष बातचीत की। उन्होंने कहा कि बागा सराहन में विदेशी भी जब आएंगे तो वे मंत्रमुग्ध होंगे। वह देश-विदेश के पर्यटकों का आह्वान करते हैं कि वे यहां नैसर्गिक सौंदर्य का आनंद लें।