मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुंडू ने सोमवार को किन्नौर जिले के सांगला में जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते कहा कि जिले में चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि लोगों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने राष्ट्रीय उच्च मार्ग -5 को चौड़ा करने के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उपायुक्त किन्नौर गोपाल चंद ने प्रधान सचिव को बताया कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग -5 का कार्य प्रगति पर है। इसे शीघ्र पूरा करने के लिए कहागया है।
इसके बाद कुंडू ने जिले में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के विकास कार्यों की समीक्षा भी की। इस दौरान विभाग के अधिशाषी अभियंता ने बताया कि खरोगला से कुपा के लिए 6.50 करोड़ रुपये की लागत से बहाव सिंचाई योजना का निर्माण कार्य प्रगति पर है। सांगला में 4.50 करोड़ रुपये की सीवेज लाइन का काम भी प्रगति पर है। इससे क्षेत्र के 80 प्रतिशत परिवार लाभान्वित होंगे।
उन्होंने बटसेरी खरोगला नाला में बरसात के दौरान नुकसान का मामला भी रखा। प्रधान सचिव ने इस बारे में प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारियों को जिले की विभिन्न विद्युत परियोजनाओं के लंबित जीएसटी को शीघ्र जमा करवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने विभाग को स्थानीय अंगूरी शराब के लिए नीति बनाने की संभावना तलाशने के लिए स्थानीय लोगों के साथ विचार-विमर्श करने के भी निर्देश दिए। प्रमुख पर्यटन स्थल सांगला को जोड़ने वाली कड़छम-छितकुल सड़क की हालत सुधारने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान भारत-तिब्बत सीमा पर तैनात जवानों से भी मिले। बैठक में पुलिस अधीक्षक एसआर राणा, सहायक आयुक्त आबकारी एवं कराधान सुरेंद्र ठाकुर, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग रामपुर आरके वर्मा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग भावानगर राहुल सूद, आईपीएच के अधिशाषी अभियंता उदय सिंह बौध, बिजली बोर्ड के टाशी नेगी, व्यापार मंडल उपाध्यक्ष शिव कुमार नेगी, थाना प्रभारी सांगला मोहन सिंह मौजूद रहे।