हिमाचल में अब छुक-छुक ट्रेन चलने का दिन खत्म होने जा रहे हैं। सूबे में पहली बार कांगड़ा घाटी ट्रैक पर बुधवार से एक्सप्रेस ट्रेन दौड़ेगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दोपहर तीन बजे हरी झंडी दिखाकर पपरोला से ट्रेन को रवाना करेंगे। पठानकोट से जोगिंद्रनगर तक अब तक आठ घंटे लगते थे लेकिन अब मात्र पांच घंटों यात्री पहुंच सकेंगे। बता दें कि कालका-शिमला ट्रैक पर भी ट्रेनों की स्पीड बढ़ाने का सफल ट्रायल हो चुका है, लेकिन अभी ट्रैक पर एक्सप्रेस ट्रेन शुरू नहीं हो पाई है।
एक्सप्रेस ट्रेन रास्ते में दो दर्जन से अधिक स्टेशनों पर रुकने के बजाए मात्र चार स्टेशनों पर ही रुकेगी। इनमें नगरोटा बगवां, कांगड़ा, ज्वालाजी रोड और पालमपुर शामिल हैं। पपरोला, पठानकोट, नगरोटा बगवां, कांगड़ा, ज्वालाजी रोड और पालमपुर रेलवे स्टेशनों के अलावा ऑनलाइन भी टिकट की बुकिंग करवाई जा सकती है।