अगस्ता वेस्टलैंड सौदे में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का नाम आने से कांग्रेसी बुरी तरह से घबरा गए हैं और हताशा में बेबुनियाद बयानबाजी कर रहे हैं। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगस्ता वेस्टलैंड से भारत को 37 अरब रुपये के सौदे के तहत हेलीकॉप्टर खरीदने थे, जिसमें 360 करोड़ रुपये की रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है।
अब जब केंद्र में मोदी सरकार अगस्ता वेस्टलैंड के आरोपी मिशेल को प्रत्यारोपित कर भारत लाई तो कांग्रेस ने तुरंत आरोपी को बचाने और गांधी परिवार का राज खुल जाने के डर से हो-हल्ला शुरू कर दिया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि 29 दिसंबर 2018 को प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में खुलासा किया कि जांच में मिशेल ने मिसेज गांधी का नाम लिया है। उन्होंने कहा कि इस सौदे में भ्रष्टाचार का मामला सबसे पहले इटली की अदालत में उठा और तत्कालीन यूपीए सरकार ने इटली की अदालत को न तो दस्तावेज उलब्ध करवाए और न ही जांच में कोई सहयोग दिया।
उन्होंने कहा कि अब यह स्पष्ट हो गया है कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने अपने बड़े नेताओं को बचाने के लिए सच्चाई छिपाने की साजिश की थी। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में आज भारत की पहचान विश्व शक्ति के रूप में बनी है और देश निरंतर विकास पथ पर अग्रसर है।