ऐतिहासिक रिज मैदान पर सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की आर्थिकी पर्यटन पर निर्भर है। इसलिए प्रदेश को ज्यादा दिन के लिए बंद नहीं रख सकते। सैलानियों की एंट्री अभी भी पंजीकरण के बाद ही होगी। सरकार ने सिर्फ कोरोना टेस्ट की शर्त खत्म की है। शिमला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना के सक्रिय मामले 40 हजार से घटकर चार हजार तक पहुंच गए हैं। होटलियर्स को एसओपी के तहत काम करने को कहा गया है। वैक्सीनेशन पर पूछे सवाल पर सीएम ने कहा कि जून के अंत तक जैसे जैसे वैक्सीन की उपलब्धता बढ़ेगी, उसके अनुसार मौके पर रजिस्ट्रेशन की भी सुविधा दी जाएगी। निजी स्कूलों को ज्यादा लंबी ऑनलाइन कक्षाएं न लगाने को भी कहा जा रहा है, ताकि बच्चों पर ज्यादा बोझ न पड़े। निजी बसों की हड़ताल पर सीएम ने कहा कि संकट के इस समय में हमें मिलकर काम करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने प्रिंस के इलाज के लिए एक लाख किए मंजूर
शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोलन जिले के बद्दी क्षेत्र के अंतर्गत मल्कु माजरा के 10 वर्षीय प्रिंस चौधरी के माता-पिता को उनके इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से एक लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। वह हड्डियों के गंभीर रोग से पीड़ित हैं और पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों और जरूरतमंदों को सहायता प्रदान करने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि धन के अभाव के कारण कोई भी व्यक्ति उचित उपचार से वंचित न रहे। उन्होंने लोगों से मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए उदारतापूर्वक अंशदान करने का आग्रह किया। छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बच्चे और उसके माता-पिता की स्थिति से अवगत करवाया था। बच्चे के पिता गुरुमेल सिंह पहले ही इलाज के लिए अपनी जमीन और गहने बेच चुके हैं।