मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधे लोग पानी का बिल नहीं देते हैं, उन्हें जब इसका पता चला तो उन्होंने कहा कि तो उनसे भी क्यों लेते हैं। इसलिए सरकार ने बजट में ग्रामीण क्षेत्रों में सभी के लिए पानी मुफ्त कर दिया। अब कांग्रेस को पानी पिलाने का वक्त आ गया है। कहा कि कोरोना काल में वैक्सीन की दो डोज लगने के बाद कांग्रेस के हाथ पहले ही खड़े हो चुके हैं। रही कसर चुनावों में पूरी हो जाएगी। लक्ष्मी नारायण कला मंच में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने सरकार के साढ़े चार साल की उपलब्धियां गिनाईं।
लोस उपचुनाव में बंजार से बढ़त न मिलने की पीड़ा भी सीएम की जुबां पर आ गई। ठेठ सराजी अंदाज में कहा ‘हयाला लागा लागदा। अर्थात चार वर्ष में रिकॉर्ड विकास कार्य करवाने के बाद भी कम वोट मिलने से घबराहट होती है। कहा कि प्रदेश की जनता ने जो मांगा, वह खुले दिल से दिया। घर के चूल्हे, पानी और बिजली तक की चिंता से जनता को मुक्त कर दिया। सराजी अंदाज में कहे इन शब्दों से पंडाल जयराम ठाकुर आगे बढ़ो के नारों से गूंज उठा।
महिलाओं ने भी मत हयालदे हेरे की आवाज आई। अर्थात घबराना मत, हम आपके साथ हैं। सीएम जयराम के गृह क्षत्र सराज की सीमा बंजार विस क्षेत्र से जुड़ी है। सराज और बंजार की भाषा, वेशभूषा और देव कारज एक जैसे हैं। सीएम भी बंजार विधानसभा क्षेत्र में सराजी भाषा में ही जनता से रूबरू होते रहे हैं। जयराम ने मंच से कहा कि हम जनता की चिंता करते हैं, अब जनता को भी कल्याणकारी सरकार को सता में बनाए रखने की चिंता करनी चाहिए।