नवंबर माह में धर्मशाला में होने वाली इन्वेस्टर मीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आएंगे। वहीं हिमाचल सरकार ने गृह मंत्री अमित शाह को भी इस निवेशक सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया है। अगर सब ठीक रहा तो 8-9 नवंबर को धर्मशाला में होने वाली इन्वेस्टर मीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह दोनों ही अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे।
यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पत्रकारवार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि निवेशक सम्मेलन में अधिक से अधिक इन्वेस्टर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएं इसके लिए प्रदेश सरकार पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने बताया कि नवंबर माह में होने वाली इन्वेस्टर मीट में 80 हजार करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा गया है।
मई माह में तैयार होगा धर्मशाला-मैक्लोडगंज रोप-वे
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मशाला-मैक्लोडगंज में बनने वाले रोप-वे का निर्माण कार्य अगले साल मई-जून माह में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कार्य को इस वर्ष दिसंबर माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन किन्हीं परिस्थितियों में यह संभव नहीं हो पाया है। इसके चलते अब रोप-वे के निर्माण कार्य को मई माह में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं उन्होंने कहा कि हिमानी चामुंडा-डाढ रोप-वे का पहला चरण भी पूरा हो चुका है। जल्द ही इसका कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
7 करोड़ से संवरेगा बीड़-बिलिंग
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला कांगड़ा में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए बीड़-बिलिंग में पैराग्लाइडिंग साइट पर 7 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा नई मंजिल, नई राहें योजना के तहत भी 20 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।