फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अवैध निर्माण के लिए पूर्व सरकार जिम्मेदार : जयराम ठाकुर

Sun, 06 May 2018 09:39 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, संगड़ाह (सिरमौर)
विज्ञापन
विज्ञापन

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में माफिया को संरक्षण मिला, जिस वजह से धड़ल्ले से अवैध निर्माण चलता रहा। उन्होंने कहा कि कसौली गोलीकांड को लेकर हो-हल्ला करने वाले कांग्रेसियों की पूर्व सरकार ही अवैध निर्माण के लिए जिम्मेदार है।

विज्ञापन


गुड़िया दुराचार एवं हत्या और कसौली गोलीकांड की घटनाएं शर्मसार करने वाली और दुखद हैं। कसौली गोलीकांड के दोषी को गिरफ्तार कर लिया गया है। सीएम हरिपुरधार मेले के समापन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।       

मां भंगयाणी  मेले के समापन पर मुख्यमंत्री हरिपुरधार में कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि गलत कार्य करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सरकार बदले की भावना से कोई भी काम नहीं करेगी। 

विज्ञापन

पूर्व सरकार की घोषणाओं पर उठाए सवाल

प्रदेश को विकास के पथ पर आगे लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। पिछली सरकार ने जाते-जाते घोषणाओं की झड़ी लगा दी। प्राइमरी, मिडिल, हाई स्कूल व 16 डिग्री कॉलेज खोले गए।

सत्ता में आते ही जब उन्होंने बजट का पता किया तो एक कॉलेज के हिस्से में एक लाख का ही बजट आया जबकि एक महिला मंडल भवन बनाने के लिए भी 5 लाख रुपये की जरूरत होती है।

उन्होंने कहा कि डॉ. वाईएस परमार ग्रामीण परिवेश से निकले मुख्यमंत्री थे। हिमाचल को बनाने के लिए उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है, लेकिन विकास की दृष्टि से सिरमौर जहां खड़ा होना चाहिए था, वहां नहीं पहुंचा।       
  

सिराजी गीतों पर झूमे जयराम      

हरिपुरधार मेले के समापन समारोह में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी झूम उठे। गीता भारद्वाज ने जैसे ही कोसी बिने सराजी.., गीत गाया सीएम मंच पर उठकर नाचने लगे। उनके साथ सिरमौर के अन्य नेता भी नाटी में शरीक हुए। यही नहीं, उन्होंने सिरमौर नाटी पर भी माला नृत्य किया। 

हरिपुरधार बनेगा पर्यटन स्थल      
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिपुरधार को राज्य के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इस स्थान को विकसित करने का मामला ‘स्वदेश दर्शन कार्यक्रम’ के अंतर्गत भारत सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। इस क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। पर्यटकों और आम जनमानस को सुविधा देने के लिए माता भंगयाणी मंदिर परिसर में सभी मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।  
विज्ञापन

सीएम शैल बाला के घर पर जताएंगे शोक

कसौली में ड्यूटी के दौरान गोलियों का शिकार बनीं महिला अधिकारी शैल बाला के घर बारी गांव में सीएम जयराम ठाकुर रविवार को शोक जताने पहुंचेंगे।

बीते 1 मई को क्षेत्र की इस अधिकारी की हत्या के बाद पुलिस और सरकार के प्रति परिजनों और जनता में भारी आक्रोश पनपा। कांग्रेस ने प्रदेश भर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए।

परिजनों और कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी घटना होने पर भी भाजपा सरकार का अब तक कोई भी मंत्री परिवार को सांत्वना देने नहीं पहुंच पाया है, जबकि कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सहित कई नेता अंत्येष्टि से लेकर घर में शोक जताने पहुंच चुके हैं।

उधर, सीएम ने शुक्रवार को महिला अधिकारी के पति से फोन पर बात की और उन्हें सरकार की ओर से इस दुख की घड़ी में उनके साथ होने की बात कही। यह जानकारी विधायक कर्नल इंद्र सिंह ने दी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें