मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एक सप्ताह के कांगड़ा के शीतकालीन प्रवास पर रहेंगे। रविवार को सीएम दिल्ली से जोगिंद्रनगर पहुंचेंगे और वहां से पालमपुर रवाना होंगे। तीन फरवरी तक वे कांगड़ा में ही रहेंगे। पहले तीन दिनों का कार्यक्रम मुख्यमंत्री कार्यालय ने शनिवार को जारी कर दिया है।
इस दौरान मुख्यमंत्री कई विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे। प्रवास के दौरान कई विकास योजनाओं का शिलान्यास भी होगा। मुख्यमंत्री रविवार दोपहर डेढ़ बजे जोगिंद्रनगर पहुंचेंगे, जहां से बैजनाथ होते हुए पालमपुर में वे रात्रि विश्राम करेंगे।
29 को उनके हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय में कुछ कार्यक्रम तय हैं। 29 को ही मुख्यमंत्री धर्मशाला पहुंचेंगे। उनके अगले दो रात्रि ठहराव धर्मशाला स्थित सर्किट हाउस में हैं। 1 फरवरी तक के जारी कार्यक्रम में जिले के कई विधानसभा क्षेत्रों का जयराम दौरा करेंगे।
इस दौरान उनकी कांग़ड़ा के विधायकों के साथ भी बैठक होनी है। 3 फरवरी को धर्मशाला मिनी सचिवालय में मंत्रिमंडल की बैठक का कार्यक्रम भी जारी हो गया है। बैठक के लिए शिमला से अधिकारी धर्मशाला रवाना होंगे। कैबिनेट बैठक के लिए एजेंडा प्रस्ताव तैयार हो रहे हैं।