फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रदेश के सबसे लंबे पुल का लोकार्पण, 23 करोड़ कम लागत में कर दिया तैयार

Mon, 05 Nov 2018 11:46 AM IST
विवेक कुमार शर्मा, अमर उजाला, ऊना
विज्ञापन
विज्ञापन

हिमाचल में विकास की एक नई इबारत लिखी गई। प्रदेश के सबसे लंबे पुल का मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लोकार्पण किया। अकसर सरकारी कार्यों की लागत शिलान्यास से लोकार्पण तक पहुंचते दोगुनी या तिगुनी हो जाती है, लेकिन यहां इससे उलट हुआ। स्वां नदी पर बनने वाले सबसे लंबे रामपुर-हरोली पुल का एस्टिमेट 56 करोड़ था। इसके लिए धनराशि भी स्वीकृत हो गई।

विज्ञापन


इसे पौने दो साल में मात्र 33 करोड़ में ही बना दिया गया। पहली बार किसी पुल को बनाने में प्रदेश सरकार के 23 करोड़ रुपये बच गए हैं। इस पुल की लंबाई 773. 30 मीटर है। इसके बनने से ऊना से हरोली की दूरी करीब आठ किलोमीटर कम हो गई है। पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मार्च 2016 में इस पुल को बनाने का काम शुरू हुआ था।

इस पुल के निर्माण के लिए सरकार ने 56 करोड़ स्वीकृत किए थे। पहले से ही अपनी लंबाई को लेकर चर्चा में रहे इस पुल को बनाने के लिए नई सरकार ने भी दिलचस्पी दिखाई। अब पुल बनने से लोगों का समय और पैसा दोनों बचेगा। पुल पर वाहनों के अलावा पैदल चलने वाले लोगों के लिए दोनों ओर रास्ता बनाया गया। स्वां नदी पर इस पुल के निर्माण से दर्जनों गांवों के लोगों का लाभ मिलेगा।

विज्ञापन

मुकेश से समय लेकर काम करने की जरूरत नहीं : जयराम

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि 2019 में मोदी के सामने महागठबंधन नहीं टिक पाएगा। कांग्रेस अब पूरी तरह से मुद्दा विहीन हो चुकी है। कांग्रेस चाहे गठबंधन करे या महा गठबंधन, उसे कुछ हासिल होने वाला नहीं है। देश की जनता को मोदी के सिवाय कोई स्वीकार्य नहीं होगा।

मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष पर हमला बोला कि उन्हें मुकेश से समय लेकर काम करने की जरूरत नहीं है। वो मुझे समय देने की बात करते हैं, लेकिन मुझे हिमाचल की जनता ने चुना है। उनके कामों के लिए मैं अपनी पूरी ताकत व क्षमता से सेवाएं दे रहा हूं। जयराम ठाकुर रविवार को हरोली विस के पालकवाह में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। 

सीएम ने कहा कि वह अपनी ताकत से प्रदेश के विकास को आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं। कांग्रेस के नेता आपस में ही उलझ गए है। प्रदेश में कांग्रेस विचित्र हालात से गुजर रही है। इनके नेता तक कहने लगे हैं कि प्रदेशाध्यक्ष ने तो कांग्रेस का भट्ठा बिठा दिया है।

जहां जाते हैं वहां कार्यकर्ता भिड़ जाते हैं। इस मौके पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, सांसद अनुराग ठाकुर, एसआईडीसी के उपाध्यक्ष राम कुमार, हिमुडा के उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे।

दस माह में नहीं ली एक भी छुट्टी

सीएम ने जनसभा में कहा कि सरकार को बने हुए दस माह हो चुके हैं और एक भी छुट्टी नहीं ली है। सारा समय प्रदेश की जनता और समाज को दिया है। पीएम मोदी को हिमाचल से बेहद लगाव है। प्रदेश को बिना मांगे करोड़ों रुपये मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सात माह में केंद्र से साढ़े छह हजार करोड़ रुपये मिले थे, अब यह आंकड़ा 9 हजार करोड़ को पार करने वाला है। उन्होंने कहा कि किसी सरकार को इतने कम समय में केंद्र से कभी इतनी धनराशि नहीं मिली। पूर्व कांग्रेस के शासन में तो सिर्फ 200 से 400 करोड़ तक ही मिलते थे। 

बोले-ओएसडी पर लगाए आरोप निराधार- मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने ओएसडी पर महिला कार्यकर्ता की ओर से लगाए गए दुर्व्यवहार के आरोपों को भी सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने आरोप लगाने वाली नेता पर विधानसभा चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम करने का दावा किया। मुख्यमंत्री ने इन आरोपों का खंडन किया कि यह संगठन से जुड़ा हुआ विषय है। वहीं, सीएम ने नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री पर भी इस मामले में निशाना साधा।
विज्ञापन

धूमल के पास गए थे मुकेश, तब बने नेता विपक्ष : प्रो. राम

राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अपने स्वार्थ के लिए विधायक मुकेश अग्निहोत्री प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल गए थे, तब जाकर प्रो. धूमल ने मुकेश पर दया खाकर उन्हें नेता विपक्ष बनाया। जिससे साफ जाहिर होता है कि जयराम सरकार पक्ष-विपक्ष में विश्वास नहीं करती, विश्वास करती है तो सिर्फ और सिर्फ प्रदेश के विकास में।

इस दौरान उन्होंने चिट्टा माफिया पर तंज कसते हुए कहा कि क्षेत्र के लोग जो चिट्टा बांटने का काम करते हैं, वह असल में मौत बांटने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पुलिस प्रशासन को चिट्टा व नशा कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई करने के लिए पूरी छूट दी है।

इसके साथ-साथ उन्होंने मुख्यमंत्री तथा अन्य का स्वागत करते हुए कहा कि हरोली के लोग क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाएं समर्पित करने के लिए मुख्यमंत्री के आभारी हैं।

उन्होंने कहा कि जबसे वर्तमान सरकार ने कार्यभार संभाला है, हरोली विधानसभा क्षेत्र के विकास में गति आई है। उन्होंने कहा कि पिछली राज्य सरकार के कार्यकाल के दौरान हरोली में कानून व व्यवस्था नियंत्रण से बाहर थी। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न मांगें भी रखी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें