पर्यटन विकास बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता करते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभागीय परियोजनाओं के कार्य निर्धारित समयावधि में पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उन परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिनका निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। मुख्यमंत्री ने कुल्लू के प्रीणी गांव में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का स्मारक स्थापित करने की संभावनाएं तलाशने के लिए भी कहा।
उन्होंने कहा कि पर्यटकों को बेहतरीन पर्यटन अधोसंरचना उपलब्ध करवाने के लिए सरकार प्रयासरत है। मंडी जिले के जंजैहली में पर्यटन केंद्र का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इस पर 25.17 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। कांगड़ा में 17 करोड़ रुपये की लागत से कांगड़ा हट का निर्माण किया जा रहा है। डल झील के सौंदर्यीकरण और चंबा जिले के भलेई में कला और शिल्प परियोजना के माध्यम से एक ओर जहां प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को दर्शाने में सहायता मिलेगी।
यह परियोजना इस वर्ष सितंबर तक पूरी कर ली जाएगी। इस पर चार करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इसी प्रकार, डल झील के सौंदर्यीकरण का कार्य भी इसी वर्ष सितंबर तक पूरा हो जाएगा जिस पर चार करोड़ रुपये की लागत आएगी। सोलन जिले के क्यारीघाट में 29.90 करोड़ की लागत से कन्वेंशन सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में शिव धाम परियोजना के प्रथम चरण का कार्य निर्धारित समय में पूरा करना सुनिश्चित बनाएं।
ठाकुर ने धर्मशाला-मैकलोड़गंज, पलचान-रोहतांग, आदि हिमानी-चामुंडा, श्री आनंदपुर साहिब-श्री नैना देवी रज्जू मार्गाें के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। सरकार सार्वजनिक निजी सहभागिता से शिमला जिले के चांशल में एक महत्वाकांक्षी पर्यटन परियोजना भी हाथ में लेने जा रही है। परियोजना के अंतर्गत रज्जू मार्ग, स्की लिफ्ट, स्की रिजोट, हेलीपैड, कैंपिंग और स्की स्लोप विकसित की जाएंगी।
बेंटनी कैसल का सितंबर में पूरा होगा जीर्णोद्धार
शिमला में बेंटनी कैसल के जीर्णोद्धार का कार्य इसी साल सितंबर महीने तक पूरा किया जाएगा। इस पर 25.45 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं।