मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और सरकार को अकसर घेरने वाले भाजपा विधायक अनिल शर्मा को विधानसभा चुनाव के नजदीक प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने क्लीन चिट दे दी है। कांग्रेस में अनिल की घर वापसी की अटकलों के बीच कश्यप ने मंडी में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि अनिल भाजपा के ही विधायक हैं। अनुशासनहीनता को लेकर संगठन के पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है कि उन पर कोई कार्रवाई की जा सके। उनके इस बयान से अनिल के भाजपा में ही रहने की चर्चाओं को और हवा मिल गई है। अनिल के बेटे आश्रय शर्मा (प्रदेश कांग्रेस महासचिव) का कांग्रेस की रोजगार संघर्ष यात्रा से किनारा करना इसी सियासी चाल का हिस्सा माना जा रहा है। पिता-पुत्र एक ही पार्टी में रहने की बात कई दफा कर चुके हैं।
वहीं, सत्तर साल से ऊपर के नेताओं और सिटिंग विधायकों के टिकट कटने के सवाल पर प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ही यह तय करेगा। मंडी में युवा संकल्प रैली ऐतिहासिक होगी। पहली बार प्रधानमंत्री युवा मोर्चा की रैली में शामिल होंगे। रैली में 40 साल से कम उम्र के युवा शामिल होंगे। रैली में एक लाख युवा हिस्सा लेंगे। उधर, मंडी पहुंचने पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप का प्रदेश भाजपा महामंत्री राकेश जमवाल, संसदीय क्षेत्र सह प्रभारी बिहारी लाल शर्मा, जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह और दिलीप ठाकुर ने स्वागत किया। उन्होंने आगामी रैली की तैयारियों को लेकर बैठक में हिस्सा लिया। रैली का नाम युवा विजय संकल्प रैली रखा गया है।