फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उपचुनाव के स्वयंभू प्रत्याशियों को सीएम जयराम ने दी ये नसीहत

Tue, 04 Jun 2019 06:19 AM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धर्मशाला
विज्ञापन
फाइल फोटो
विज्ञापन

हिमाचल की चारों लोकसभा सीटें जीतने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राजनीति की पिच पर स्वतंत्र रूप से बैटिंग करना शुरू कर दी है। चुनाव के बाद तल्ख तेवरों में आने वाले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उपचुनाव के लिए टिकट को लेकर लॉबिंग कर रहे स्वयंभू प्रत्याशियों को कड़ा संदेश दिया है।

विज्ञापन


सोमवार सुबह धर्मशाला भाजपा मंडल की मीटिंग में मुख्यमंत्री काफी तल्ख तेवरों में नजर आए। बैठक की शुरूआत में उन्होंने कार्यकर्ताओं को बंपर जीत की बधाई दी।

इसी बीच, धर्मशाला सीट के प्रस्तावित उपचुनाव के स्वयंभू प्रत्याशियों को उन्होंने अपरोक्ष रूप से फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया में लॉबिंग, अखबारों में खबरें छपने और भीड़ इकट्ठा करने से टिकट के प्रत्याशी नहीं बन जाते हैं। 

विज्ञापन

नेता छपास रोग से बचें

 प्रत्याशी किसको घोषित करना है, यह निर्णय भाजपा का संगठन तय करता है। उन्होंने कहा कि नेता छपास रोग से बचें। मुख्यमंत्री के भाषण के दौरान कई नेता एक दूसरे की ओर बगलें झांक रहे थे। मुख्यमंत्री के अचानक तल्ख तेवरों से नेता हैरान थे।

मुख्यमंत्री ने मंडल भाजपा की बैठक कचहरी अड्डा स्थित एक होटल में ली। सुबह ब्रेकफास्ट करने के बाद मुख्यमंत्री ने मंडल भाजपा कार्यकारिणी और चंबा-कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के पदाधिकारियों की बैठक ली। बैठक में कांगड़ा जिला से संसदीय क्षेत्र के पालक होने के नाते सिर्फ एक मंत्री विपिन परमार मौजूद रहे।

बैठक में नूरपुर से विधायक राकेश पठानिया, चंबा जिला के विक्रम जरियाल, जिया लाल, डीएस ठाकुर सहित कृपाल परमार, अर्जुन ठाकुर, दूलो राम, मंडल अध्यक्ष रमेश अटवाल भी मौजूद रहे। बैठक में नवनिर्वाचित सांसद किशन कपूर ने बंपर जीत के लिए मंडल और जनता का धन्यवाद किया।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व से हमने चारों सीटें जीतीं: जयराम

शिमला संसदीय क्षेत्र से नवनिर्वाचित लोकसभा सांसद सुरेश कश्यप ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, नाहन, रेणुकाजी, पच्छाद, पांवटा साहिब, शिलाई और ठियोग के भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से उनके सरकारी आवास ओक ओवर में भेंट की।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि देश भर के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रयासों से लोकसभा चुनाव में भारी बहुमत से 303 सीटें हासिल कर भारी विजय प्राप्त हुई है। उन्होंने प्रदेश की जनता की भी मतदान में बढ़-चढ़ कर भाग लेने के लिए सराहना की।


उन्होंने कहा कि पिछले चुनावों की अपेक्षा इस बार के चुनाव में रिकॉर्ड मतदान हुआ है, जिसमें से 70 प्रतिशत वोट भाजपा उम्मीदवारों ने हासिल किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अद्भुत नेतृत्व से हमने दूसरी बार राज्य में चारों सीटें जीतकर उपलब्धि हासिल की है।
विज्ञापन

सत्ती ने ऐतिहासिक जीत के लिए शांता, धूमल और कार्यकर्ताओं को श्रेय दिया 

उन्होंने लोकसभा चुनाव में अपना समर्थन दिखाने के लिए राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधिमंडलों का भी धन्यवाद किया। उन्होंने लोगों से राज्य के विकास में एक साथ काम करने का आग्रह किया और लोगों को आश्वासन दिया कि सरकार उनकी आकांक्षाओं और उम्मीदों पर खरा उतरेगी।

प्रदेश में चार लोकसभा सीटों में ऐतिहासिक जीत हासिल करने पर उन्होंने मुख्यमंत्री को बधाई दी। सम्मान देने के लिए प्रतिनिधिमंडल पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ गीत-संगीत और उत्साह के साथ ओक ओवर पहुंचे।

सांसद सुरेश कश्यप ने लोकसभा चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी। उन्होंने मुख्यमंत्री को हिमाचली टोपी और शॉल पहनाकर सम्मानित किया। 

विधायक सुख राम चौधरी, भाजपा के संगठन सचिव पवन राणा, उपाध्यक्ष राज्य खाद्य और नागरिक आपूर्ति निगम बलदेव तोमर, अध्यक्ष एचपी मार्केटिंग बोर्ड बलदेव भंडारी और अन्य भाजपा नेता भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

राज्य भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने मुख्यमंत्री को लोकसभा चुनावों में अभूतपूर्व जीत के लिए बधाई दी और साथ ही सांसद सुरेश कश्यप को शिमला लोकसभा क्षेत्र से जीतने के लिए बधाई दी। उन्होंने इस ऐतिहासिक जीत पर वरिष्ठ भाजपा नेताओं शांता कुमार, प्रेमकुमार धूमल और अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं के योगदान की भी सराहना की।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें