सूबे में 8 जून तक बारिश के आसार हैं। नौ जून से फिर धूप खिलेगी। हिमाचल में सोमवार दोपहर बाद मौसम में आए बदलाव से मंडी शहर में झमाझम बारिश हुई। काले बादल छाने से दिन में अंधेरा हो गया।
कुछ देर के लिए ओलावृष्टि भी हुई। बंजार में अंधड़ चलने से चनौन स्कूल की छत उड़ गई। कुल्लू में अंधड़ चलने से शलवाड़ स्कूल के किचन शेड की छत उड़ गई।
हमीरपुर के भोरंज और टौणीदेवी क्षेत्र में दोपहर बाद झमाझम मेघ बरसे। इस दौरान ओलावृष्टि भी हुई। प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है। मैदानी क्षेत्रों में भी बारिश से गर्मी से राहत मिली।
सोमवार को सबसे अधिक गर्म शहर ऊना का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा। बिलासपुर में 39.0, कांगड़ा में 37.6, सुंदरनगर में 37.5, चंबा में 36.4, हमीरपुर में 36.2, भुंतर में 36.0, नाहन में 35.1, सोलन में 35.0, शिमला में 27.9, डलहौजी-कल्पा में 24.0 और केलांग में 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
जिला प्रशासन ने लू की आशंका के चलते जिले में अलर्ट जारी करते हुए एडवाइजरी जारी कर दी है। लोगों से अपील की है कि जहां तक संभव हो धूप में बाहर न निकलें। ज्यादा पानी पीएं, हल्के और ढीले कपड़े पहनें, चश्मे का इस्तेमाल करें, सिर को टोपी या गीले गमछे से चेहरे को ढकें।
घर में बने आम पन्ना, लस्सी, नींबू पानी आदि का सेवन नियमित करें। बच्चों को पार्क वाहनों में अकेला न छोड़ें। घर को ठंडा रखें और पर्दों का इस्तेमाल करें। तबीयत ठीक न होने या फिर चक्कर आने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।