1. शिमला के सुंदरीकरण में रोड़े अटका रहा नगर निगम
शिमला शहर के ब्यूटीफिकेशन प्रोजेक्ट में नगर निगम रोड़े अटका रहा है। कई कामों के लिए नगर निगम एनओसी नहीं दे रहा है। इससे काम लटक गए हैं। प्रदेश पर्यटन विकास निगम का आरोप है कि एमसी कई प्रोजेक्टों में सहयोग नहीं कर रहा है। इससे प्रोजेक्ट प्रभावित हो रहे हैं। एनओसी न मिलने के कारण कई प्रोजेक्टों पर काम शुरू नहीं हो पा रहा।
ब्यूटीफिकेशन प्रोजेक्ट में मालरोड स्थित रानी झांसी पार्क के सुंदरीकरण का काम चल रहा है। प्रोजेक्ट में पार्क के अंदर चल रहे सिलाई सेंटर की छत बदल कर पहाड़ी शैली में बनाने का काम भी प्रस्तावित है। पर्यटन विभाग ने नगर निगम से करीब छह महीने पहले छत बदलने के लिए एनओसी मांगा है, जो अब तक नहीं मिला। उधर, रामचंद्रा चौक से ओक ओवर तक सड़क के कायाकल्प का काम भी नगर निगम का एनओसी न मिलने के कारण शुरू नहीं हो पा रहा।
ब्यूटीफिकेशन प्रोजेक्ट के पार्ट टू में रामचंद्रा चौक से ओक ओवर तक सड़क की टारिंग की जानी है। इसके अलावा सड़क किनारे ड्रेनेज सिस्टम को नए सिरे से तैयार किया जाना है। सड़क किनारे रेलिंग लगाने और लोगों को बैठने के लिए जगह जगह पर बैंच लगाने का काम भी प्रस्तावित है। पर्यटन विभाग नगर निगम की एनओसी न मिलने के कारण प्रोजेक्ट पर काम शुरू नहीं कर पा रहा।
सरकार का प्रोजेक्ट, पब्लिक का फायदा, एमसी को ऐतराज
शहर के ब्यूटीफिकेशन के लिए सरकार ने प्रोजेक्ट बनाया है। पब्लिक को इससे फायदा मिलेगा लेकिन नगर निगम परेशानी खड़ी कर रहा है। एमसी से समय पर एनओसी न मिलने के कारण शहर की पब्लिक का काम प्रभावित हो रहा है।- हरीश जनारथा, उपाध्यक्ष, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम
ब्यूटीफिकेशन प्रोजेक्ट में नहीं एचपीटीडीसी का रोल
शिमला के ब्यूटीफिकेशन प्रोजेक्ट में एचपीटीडीसी का कोई रोल नहीं है। यह नगर निगम का प्रोजेक्ट है, पर्यटन विभाग काम करवा रहा है और एडीबी फंडिंग कर रहा है। काम टूरिज्म की जगह लोनिवि को दिया जाना चाहिए था।- टिकेंद्र सिंह पंवर, डिप्टी मेयर, नगर निगम शिमला
2. सर्कुलर रोड चौड़ी करने के लिए कटेंगे दर्जनों पेड़
सर्कुलर सड़क को चौड़ा करने के लिए दर्जनों पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलेगी। कई स्थानों पर सड़क को चौड़ा करने के लिए दर्जनों पेड़ काटे जाने हैं। लोनिवि ने पेड़ काटने की अनुमति वन विभाग से मांगी है। विभाग ने पेड़ों की प्लांटिंग फीस भी जमा करवा दी है। वन विभाग की ट्री अथारिटी ने पेड़ काटने की अनुमति लोनिवि को दे दी है, लेकिन यह मामला अब फॉरेस्ट कॉरपोरेशन के पास है।
इधर, कॉरपोरेशन ने दावा किया है कि पेड़ काटने के टेंडर अगले हफ्ते तक हो जाएंगे। इसके लिए 28 नवंबर को टेंडर रखे गए हैं। उसी दिन काम अवार्ड कर दिया जाएगा। टेंडर होने के बाद पेड़ कटेंगे और तभी सड़क चौड़ी हो सकेगी। सड़क को चौड़ा करने के लिए विक्ट्री टनल से संजौली, बाईपास क्रॉसिंग से आरटीओ ऑफिस, बैम्लोई और छोटा शिमला से संजौली तक दर्जनों पेड़ काटे जाने हैं।
आठ स्थानों पर काम हुआ शुरू
सर्कुलर सड़क को चौड़ा करने की कवायद शुरू हो गई है। पहले चरण में विक्ट्री टनल से संजौली सड़क पर सड़क चौड़ा करने के लिए आठ जगहों पर काम शुरू कर दिया गया है। संजौली कॉलेज के नीचे, कैंसर अस्पताल के नीचे, आईजीएमसी के नीचे, खुला मोड़ पर, एमएलए हॉस्टल के पास डंगों का काम शुरू कर दिया गया है। मंगलवार को काम का निरीक्षण के लिए जिला प्रशासन के अफसर तक पहुंच गए। एडीएम लॉ एंड आर्डर जीसी नेगी ने लोक निर्माण के अधिकारियों और निर्माण कर रहे संबंधित ठेकेदारों से गुणवत्ता से निर्माण करने को कहा। इस दौरान उन्होंने चार जगहों का निरीक्षण किया, जहां निर्माण कार्य चल रहा है।
टेंडर के दिन ही अवार्ड हो जाएगा काम : नेगी
फॉरेस्ट कॉरपोरेशन के मंडलीय प्रबंधक सतीश नेगी ने बताया की एक सप्ताह पहले ही पेड़ों को काटे जाने की फाइल उनके पास पहुंची है। 28 नवंबर को इन्हें काटने के लिए ऑनलाइन टेंडर कॉल किए हैं। ठेकेदार को उसी दिन टेंडर भी अवार्ड कर दिया जाएगा। निर्माण में किसी तरह की देरी न हो इसके लिए टेंडर के दूसरे दिन से इन पेड़ों को काटने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
3. डाक के लिए दो सीटें रिजर्व, बस में फेंक दिए 17 बैग
एचआरटीसी की हमीरपुर-रिकांगपिओ बस में लादे जा रहे क्षमता से अधिक डाक के बोरे हादसे को न्योता दे रहे हैं। सोमवार रात आठ बजे एचआरटीसी की हमीरपुर-रिकांगपिओ बस में विधानसभा के नीचे डाक विभाग के स्टोर से डाक के 17 बड़े बड़े बोरे लाद दिए गए। क्षमता से अधिक डाक भरने के कारण बस में सवार यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
हमीरपुर-रिकांगपिओ बस रात आठ बजे आईएसबीटी से रिकांगपिओ की ओर रवाना हुई। 8:15 मिनट पर बस में विधानसभा के नीचे डाक विभाग के स्टोर से डाक के 17 बोरे लाद दिए गए। हमीरपुर-रिकांगपिओ बस (नाइट सर्विस) में डाक के लिए 2,3 नंबर सीट रिजर्व रहती हैं। सोमवार रात 2, 3 नंबर सीट के साथ 4 और 5 नंबर सीट पर भी डाक के बोरे लादे गए। ड्राइवर सीट के इर्द गिर्द बोरों का ढेर लग गया। जगह इतनी तंग हो गई कि कंडक्टर को फ्रंट सीट तक पहुंचने में भारी जद्दोजहद करनी पड़ी। बस में सवार लोगों ने बताया कि चलती बस में अगर भारी भरकम बोरे ड्राइवर पर गिर जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
डाक विभाग को भेजेंगे चिट्ठी : आरएम
रिकांगपिओ डिपो के कार्यकारी आरएम शमशेर सिंह ने बताया कि हमीरपुर-रिकांगपिओ बस में डाक की दो सीटें रिजर्व हैं। अधिक मात्रा में डाक न डाली जाए, इसे लेकर विभाग को पत्र लिख कर सूचित किया जाएगा।
नहीं लादी जाएगी निर्धारित मात्रा से अधिक डाक : नेगी
डाक विभाग के प्रवर अधीक्षक विशन सिंह नेगी ने बताया कि एचआरटीसी के साथ डाक लाने ले जाने का ऐग्रीमेंट हुआ है। बस में यदि निर्धारित क्षमता से अधिक डाक लादी जा रही है, तो इसकी जांच कर व्यवस्था सुधारी जाएगी।