बिलासपुर जिले में दसवीं कक्षा में फेल होने के बाद एक नाबालिग ने जहर खाकर जान दे दी। परिजन उसे आनन फानन में हमीरपुर अस्पताल ले गए लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 15 साल की छात्रा इस वर्ष 10वीं की वार्षिक परीक्षा में फेल हो गई थी। रिजल्ट के बाद से वह तनाव में थी।
घरवालों से भी उसने बात करना तक बंद कर दिया था। छात्रा को फिर से निजी स्कूल में 10वीं कक्षा में दाखिल करवाया गया था। शुक्रवार को छात्रा ने अनाज में डालने वाली सल्फास की गोलियां खा लीं, जिससे उसकी तबीयत खराब हो गई। हालत बिगड़ते देख परिजन उसे फौरन भराड़ी अस्पताल ले गए जहां पर प्राथमिक उपचार कर उसे हमीरपुर रेफर कर दिया गया।
हमीरपुर में उपचार के दौरान छात्रा की मौत हो गई। डीएसपी घुमारवीं राजेंद्र जसवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामला दर्ज कर सभी पहलुओं की गंभीरता से छानबीन कर रही है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।