परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि यदि प्रदेश में दूध के पैकेट में अंकित मात्रा से कम दूध दिया जा रहा है तो संबंधित कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए उन्होंने अपने विभाग के सचिव को गहन जांच करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। मंगलवार को कांगड़ा में पत्रकार वार्ता के दौरान पूछे सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि आरोप सही पाए गए तो दूध कंपनी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने के आदेश दे दिए हैं।
प्रदेश में वाहन चालकों की कमी दूर करने के लिए पांच ड्राइविंग स्कूल मंडी, नगरोटा बगवां, तारादेवी, कुल्लू अथवा जसूर में खोले जाएंगे। कहा कि परिवहन विभाग हमीरपुर, नालागढ़ व बद्दी में बस अड्डों का निर्माण स्वयं करने जा रहा है। हमीरपुर बस अड्डा 10 करोड़, नालागढ़ व बद्दी के बस अड्डों का निर्माण क्रमश: पांच व तीन करोड़ से किया जाएगा।
35 करोड़ से बनने वाले चिंतपूर्णी बस अड्डे का शीघ्र ही शिलान्यास किया जाएगा। निगम ने बसों की किलोमीटर पर लीटर औसत को 3.45 से बढ़ाकर 3.85 करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। परिवहन निगम की आय बढ़ाने का भी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसे दो करोड़ दैनिक से बढ़ाकर दो करोड़ पचास लाख रुपये तय किया गया है। इन लक्ष्यों को पूर्ण करने वाले कर्मचारियों को निगम सम्मानित करेगा।