खास सजावट के साथ मिलेगा कैंडल लाइट डिनर संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। वीकेंड पर वेलेंटाइन डे के चलते शिमला में सैलानियों की आवाजाही बढ़ना शुरू हो गई है। इसके लिए शहर के होटलों के 50 से 60 फीसदी कमरे एडवांस में बुक हो चुके हैं, वहीं शनिवार को यह संख्या और बढ़ेगी।
होटल कारोबारियों की ओर से ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए एडवांस बुकिंग करवाने पर कैंडल लाइट डिनर, गुलदस्ते और डेकोरेशन के साथ 15 से 20 फीसदी छूट भी दी जा रही है। शहर में सैलानियों की संख्या बढ़ने से पर्यटन कारोबारी उत्साहित हैं। इस वीकेंड पर वेलेंटाइन डे के साथ दूसरे शनिवार और रविवार का पैकेज बन रहा है जिसके चलते सैलानी शुक्रवार शाम को ही शिमला पहुंचना शुरू हो गए थे। रिज मैदान और मालरोड पर शुक्रवार को दिन के समय भी सैलानियों की खूब चहल पहल देखने को मिली। शहर के होटल कारोबारी स्पर्श कुकरेजा ने बताया कि बीते वीकेंड के मुकाबले इस वीकेंड पर ज्यादा सैलानी शिमला पहुंचे हैं। शनिवार शाम तक होटलों में कमरों की बुकिंग 80 फीसदी तक भी पहुंच सकती है। ऐसे में कारोबार बढ़ने की उम्मीद है।