तीन छुट्टियां लगातार आने के कारण मरीजों को राहत देने के लिए प्रदेश सरकार ने लिया फैसला,
विज्ञापन
डीडीयू, आईजीएमसी और चमियाना में खुली रहेंगी ओपीडी अमर उजाला ब्यूरो शिमला। नगर निगम शिमला के तहत आने वाले सरकारी विभागों, बोर्डों और निगमों के कार्यालयों में महाअष्टमी के अवसर पर सोमवार को स्थानीय अवकाश रहेगा लेकिन शहर के अस्पताल खुले रहेंगे। इस संबंध में प्रदेश सरकार ने अधिसूचना जारी की है।
प्रदेशभर से उपचार करवाने के लिए आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को लगातार तीन दिन ओपीडी बंद रहने से होने वाली परेशानी को ध्यान में रखते हुए अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखने का निर्णय लिया है। रविवार और मंगलवार को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण अस्पतालों में लगातार तीन दिन तक स्वास्थ्य सेवाओं को केवल आपातकालीन सेवाओं तक सीमित नहीं रखा जा सकता। ऐसे में सोमवार को स्थानीय अवकाश होने के बावजूद अस्पतालों की ओपीडी सेवाएं जारी रहेंगी। प्रशासन की ओर से निर्धारित शेड्यूल के अनुसार ओपीडी में विशेषज्ञ चिकित्सक और अन्य डॉक्टर उपलब्ध रहेंगे। अस्पतालों की लैब में टेस्ट और वार्डों में अन्य सेवाएं भी सुचारु रूप से जारी रहेंगी। सुपर स्पेशयलिटी अस्पताल चमियाना के एमएस डॉ. सुधीर शर्मा ने बताया कि अस्पताल में वेबसाइट पर उपलब्ध ओपीडी शेड्यूल के अनुसार सोमवार को चिकित्सक उपलब्ध रहेंगे और मरीजों का उपचार करेंगे। इस दौरान लैब में टेस्ट भी किए जाएंगे। वहीं दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल (डीडीयू) के एमएस डॉ. लोकेंद्र शर्मा की ओर से स्टाफ के लिए जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि लगातार तीन दिन तक आपातकालीन सेवाओं की निरंतरता को ध्यान में रखते हुए अस्पताल को बंद नहीं रखा जा सकता। इसलिए सोमवार को अस्पताल खुला रहेगा और सभी ओपीडी में चिकित्सक मरीजों को सेवाएं देंगे। उन्होंने सभी चिकित्सकों और अस्पताल स्टाफ को 19 अक्तूबर को ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज एवं अस्पताल शिमला के प्राचार्य डॉ. योगेश भारद्वाज ने भी पुष्टि की कि सोमवार को अस्पताल की ओपीडी सेवाएं नियमित रूप से जारी रहेंगी। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) और कैंसर अस्पताल में भी सोमवार को ओपीडी सेवाएं जारी रहेंगी। सभी विभागों में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार मरीजों का उपचार किया जाएगा।