क्रिसमस पर हिल्सक्वीन शिमला में सैलानियों का भारी जमावड़ा लगा। शहर के साथ लगते पर्यटन स्थलों कुफरी, नारकंडा, मशोबरा और नालदेहरा में भी क्रिसमस पर भारी संख्या में सैलानी उमड़े। क्रिसमस पर सैलानियों की आमद बढ़ने के बाद न्यू ईयर पर भी बंपर टूरिस्ट शिमला पहुंचने की उम्मीद है। पर्यटनों की भारी आमद से कारोबायिों के चेहरे खिल गए हैं। क्रिसमस पर शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही।
रिज मैदान और मालरोड पर पुलिस कर्मियों के अलावा क्यूआरटी के जवान भी तैनात रहे। भारी संख्या में सैलानियों के शिमला पहुंचने से कार्ट रोड को माल रोड को जोड़ने वाली पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट के बाहर सैलानियों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई सैलानी कार्ट रोड से आजीविका भवन होते हुए पैदल ही माल रोड पहुंच गए।
सैलानियों की आमद में भारी बढ़ोतरी से रविवार को कुफरी में भी सैलानियों का तांता लगा रहा। हालांकि क्रिसमस पर कुफरी और नारकंडा में बर्फ के दीदार न होने से सैलानी मायूस भी हुए। पर्यटक वाहनों की आमद में भारी बढ़ोतरी से शहर की सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। शिमला होटल एंड रेस्टारेंट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि क्रिसमस पर शहर के होटलों में अधिकतर कमरे बुक रहे।