भूपेंद्र पाल, रूप सिंह, प्रेम सिंह, नेक राम, तुलसी राम, ठाकर दास, अजय कुमार, इंद्र सिंह, खूबे राम, अमर सिंह, बालकृष्ण, हीरा लाल, मात राम समेत कई किसानों ने बताया कि दिल्ली में चीन से बनावटी फूल आने से सजावट करने वाले लोग उन फूलों को खरीद रहे हैं। बनावटी फूलों की कीमत कम होती है और कई महीनों तक चलते हैं।
इससे नेचुरल फूलों की खरीदारी बहुत कम हो रही है। बीते दिनों सिराज दौरे के दौरान किसानों ने सीएम को धरोट में इस समस्या के बारे में अवगत करवाया था। किसानों की इन परेशानियों को लेकर एक पत्र भी मुख्यमंत्री जयराम को सौंपा था।
मणिमहेश लॉजिस्टिक ग्रुप के अध्यक्ष भूपेंद्र कुमार ने बताया कि किसानों ने मांग की है कि चीन से आ रहे बनावटी फूलों पर बहुत अधिक टैक्स लगाया जाए अन्यथा इसको देश में पूर्ण रूप से बंद किया जाए।
भूपेंद्र कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री किसानों की आय दोगुनी करने की बात कर रहे हैं, मगर यहां दोगुनी होने के बजाय घाटा हो रहा है। उन्होंने कहा कि अगर किसानों की इस समस्या का हल नहीं निकाला गया तो किसानों का पैसा डूब जाएगा, जिससे फूलों की खेती छोड़ने पर भी मजबूर होना पड़ेगा।