हिमाचल जिला मंडी के सरकाघाट में दिल दहला देने वाला दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक बच्चे की जिद्द उसकी मौत पर खत्म हुई। घर के आंगन में खड़ी कार में बैठकर होमवर्क करने की जिद्द कर रहे बच्चे ने खेल-खेल में फंदा लगा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
उपमंडल की चौरी पंचायत के गमधौल गांव में छठी कक्षा के शिवम (12) ने कार के अंदर सफाई करने के लिए रखे कपड़े को दरवाजे के ऊपर लगे हैंडल से बांध दिया और कपड़े का दूसरा सिरा अपने गले में बांधकर बैठ गया।
थोड़ी देर बाद जब वह उठने लगा तो कपड़े का फंदा बन गया और उसका दम घुट गया। काफी देर तक शुभम बाहर नहीं निकला तो घर वालों ने उसे कार के भीतर बेहोश पाया। वे उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिवम माता-पिता का इकलौता बेटा था। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।