तीनों कक्षाओं में शहर के 200 बच्चे ले रहे हैं प्रशिक्षण
विज्ञापन
सुबह 10 से शाम 5 बजे तक चलता है विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। इंदिरा गांधी खेल परिसर शिमला में आयोजित विंटर कक्षाओं में कराटे, शूटिंग और बैडमिंटन का खेल युवाओं की पहली पसंद बना हुआ है। इन तीनों कक्षाओं में शहर के करीब 200 बच्चे भाग ले रहे हैं।
बच्चों का कहना है कि सर्दियों की छुट्टियां पढ़ाई के अलावा अन्य खेल गतिविधियां सीखने के लिए एक सही मौका होता है। खेल परिसर में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक आयोजित होने वाली शूटिंग की कक्षा में बच्चों को पिस्टल और राइफल चलाने की तकनीक सिखाई जा रही है। इसके अलावा दोपहर 12 बजे से शुरू होने वाली कराटे की कक्षा में बच्चों में आत्मरक्षा के गुर के साथ यक्शू कमिते, फाइटिंग और काता सहित कराटे की अन्य विधियां सिखाई जा रही हैं। इसमें पांच साल के बच्चे भी भाग ले रहे हैं। इसके अलावा शाम 4 बजे के बाद आयोजित होने वाली बैडमिंटन की कक्षा में इन दिनों करीब 81 बच्चे भाग ले रहे हैं जिसमें ज्यादातर छोटे बच्चे शामिल हैं। कक्षा शुरू होने के दौरान शुरुआत में बच्चों की फिटनेस पर काम किया जाता है। इसके बाद बच्चों को बैडमिंटन के बेसिक मूव की जानकारी दी जाती है। इसमें रैकेट पकड़ना, शटल पकड़ना और सर्विस मारने की तकनीक सिखाई जा रही है। शूटिंग कोच रविंद्र प्रकाश ने बताया कि विंटर कक्षाएं जहां 15 फरवरी तक चलेंगी वहीं शूटिंग की कक्षाएं पूरे फरवरी महीने चलेगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मार्च में भी शूटिंग कक्षाओं में भाग लेने का मौका दिया जाएगा। बैडमिंटन कोच सन्नी पाप्टा ने बताया कि सर्दियों की छुट्टियों में हर वर्ष शहरभर से सैकड़ों विद्यार्थी खेल गतिविधियों का प्रशिक्षण लेने के लिए खेल परिसर में पहुंचते हैं।