ऑनलाइन पढ़ाई के बीच बच्चों को स्मार्टफोन देना अभिभावकों लिए महंगा साबित हो रहा है। दुनिया भर में खतरनाक बन चुकी पबजी गेम के जाल में हिमाचल के सोलन शहर का एक बच्चा फंस गया। इस बच्चे को ऑनलाइन गेम खेलना महंगा पड़ गया। बच्चे ने पब्जी के चक्कर में अपनी माता के बैंक खाते से करीब डेढ़ लाख रुपए कुछ लोगों को ट्रांसफर कर दिए। जब इसकी भनक माता-पिता को लगी तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। बच्चे ने बताया कि उसे फोन पर धमकाया गया कि यदि उसने पैसे नहीं दिए तो फोन करने वाला शख्स उसके माता-पिता को मार देगा। अब यह मामला सोलन पुलिस के पास पहुंचा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। एसपी अभिषेक यादव ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार शहर के एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी है कि उसका 13 वर्षीय बेटा है, जिसे ऑनलाइन पढ़ाई के लिए मोबाइल दिया गया है।