हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने गुरुवार को चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल और पंजाब के मुख्य सचिव अनुराग वर्मा के साथ विभिन्न द्विपक्षीय मामलों पर विस्तृत चर्चा की। सीएस प्रबोध सक्सेना ने मुख्यमंत्री सुक्खू की ओर से हरियाणा के सीएस संजीव कौशल से मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का आपदा के समय सहायता करने के लिए आभार जताया। उन्होंने बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र के शीतलपुर से हरियाणा के नवांनगर तक संपर्क मार्ग के निर्माण पर चर्चा की।
बैठक में मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने कहा कि इस मार्ग का दो किलोमीटर हिस्सा हरियाणा की सीमा में आता है। उन्होंने हरियाणा के मंढावाला से बीबीएन क्षेत्र के बरोटीवाला तक मार्ग की शीघ्र मरम्मत के विषय पर भी चर्चा की। उन्होंने गुरु गोरखनाथ मंदिर से बीबीएन क्षेत्र के झाड़माजरी तक शाहपुर मार्ग की मरम्मत एवं रख-रखाव के संबंध में भी चर्चा की, जो हरियाणा का एक ग्रामीण मार्ग है। सक्सेना ने खुड्डा लाहौरा-प्रेमनगर कोना मार्ग के हरियाणा की सीमा में आने वाले हिस्से के सुदृढ़ीकरण और बीबीएन क्षेत्र के कालुझिंडा से कालका मार्ग की जल्द मरम्मत करने और बद्दी-चंडीगढ़ रेल मार्ग के निर्माण पर भी विस्तृत चर्चा की। उन्होंने हरियाणा के मुख्य सचिव को हरियाणा के मंढावाला में कबाड़ के भंडारण के मामले से भी अवगत करवाया।
नालागढ़, भरतगढ़ को जोड़ने वाले दभोटा पुल की मरम्मत मांगी
सक्सेना ने पंजाब के मुख्य सचिव से दोनों राज्यों के हितों को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने नालागढ़ से सिस्वां तक पंजाब राज्य के लखनपुर, झीरा, तारापुर, माझरी-पखाली वाया काकोट मार्ग के निर्माण पर भी चर्चा की। उन्होंने खुड्डा लाहौरा (पीजीआई) से राष्ट्रीय राजमार्ग 105 पर कोना तक मार्ग के निर्माण पर भी मंत्रणा की। यह मार्ग पंजाब के एकाधिकार क्षेत्र में आता है। मुख्य सचिव ने पंजाब में आने वाले सिस्वां-नवांनगर मार्ग को चौड़ा करने, नालागढ़ तथा भरतगढ़ को जोड़ने वाले दभोटा पुल की मरम्मत और बहाली एवं हिमाचल प्रदेश के शीतलपुर से पंजाब के मिर्जापुर तक नए मार्ग के निर्माण के मामले पर पंजाब के मुख्य सचिव को अवगत करवाया।