मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने महिलाओं को विकट एवं आपात परिस्थितियों में सुरक्षा प्रदान करने के लिए स्त्री सुरक्षा एंड्रॉयड मोबाइल ऐप का शुभांरभ वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से किया। शुरूआती चरण में यह सुविधा कांगड़ा, चंबा तथा ऊना जिला की महिलाओं को उपलब्ध होगी।
स्त्री सुरक्षा मोबाइल ऐप कांगड़ा की मंडलायुक्त नंदिता गुप्ता के दिमाग की उपज है और इसे महिलाओं की सुरक्षा के लिए विकसित किया गया है। यह ऐप एंड्रॉयड मोबाइल फोन में उपलब्ध रहेगी जिसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।
इस मोबाइल ऐप को चलाने के लिए उपयोगकर्ता को उनके आवासीय स्थान को चुनना होगा तथा आपातकाल में सूचित किए जाने के लिए तीन पसंदीदा संपर्क नंबर अंकित करने होंगे।
सिर्फ पैनिक बटन दबाओ और पहुंच जाएगी पुलिस
किसी प्रकार की आपातकालीन स्थिति में पैनिक बटन को दबाना होगा, जिससे संबंधित जिला चंबा, ऊना और कांगड़ा के पुलिस नियंत्रण कक्ष को उपयोगकर्ता के जीपीएस स्थान सहित सूचित कर दिया जाएगा। स्थानीय तौर पर, ऐप एक अलार्म उत्पन्न करेगी और स्वत: ही वीडियो रिकॉर्डिंग हो जाएगी।
इसके अतिरिक्त जिन महिलाओं के पास स्मॉर्टफोन की सुविधा नहीं होगी वे महिलाएं हेल्पलाइन नंबर 181 पर सीधे संपर्क स्थापित कर सकती हैं। इस अवसर पर उपायुक्त विकास लाबरू, पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी, एडीएम सुखदेव सिंह, एसडीएम पृथीपाल सिंह,
सहायक आयुक्त संजीव कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस रंजीत सिंह, जिला पंचायत अधिकारी रमन शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी असीम सूद, जिला सूचना अधिकारी संजीव कुमार, जिला परिषद अध्यक्षा सोमा देवी भरवाल, जिला परिषद सदस्य अनुराधा, भूपिंद्र सिंह, उर्मिला देवी, नगर परिषद ऊना के अध्यक्ष बाबा अमरजोत सिंह बेदी सहित अन्य उपस्थित रहे।