फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डीसी चंबा के मामले में मुख्यमंत्री उचित कार्रवाई करें : शांता

Wed, 12 Aug 2020 10:56 AM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, धर्मशाला
विज्ञापन
भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

डीसी चंबा की ओर से मीडिया को धमकाने के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने बयान दिया है। अमर उजाला से बातचीत के दौरान शांता कुमार ने कहा कि ब्यूरोक्रेसी को लोकतंत्र के नियमों को निभाना चाहिए। लोकतंत्र में चुने हुए नुमाइंदों का अपना एक स्थान है। सांसद किशन कपूर के शिलान्यास कार्यक्रम में जिस प्रकार की अनदेखी हुई, वह होनी ही नहीं चाहिए थी। अगर हो गई तो उसके बाद अधिकारी को क्षमा याचना करना चाहिए। डीसी चंबा की ओर से मीडिया को धमकाने के मामले में उन्होंने कहा कि मीडिया की स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता लोकतंत्र का प्राण है। स्वतंत्रता पर अंकुश नहीं होना चाहिए। इस मामले में मुख्यमंत्री उचित कार्रवाई करें ताकि भविष्य में ऐसी घटना न घटे।  

विज्ञापन


गौरतलब है कि कुछ दिन पहले डीसी चंबा ने एक शिलान्यास पट्टिका पर स्थानीय विधायक की जगह अपना नाम लिखवा दिया था। गलती उजागर करती खबर प्रकाशित होने के बाद चंबा का जिला प्रशासन मनमानी पर उतर आया था।जिला प्रशासन ने जिला लोक संपर्क अधिकारी के माध्यम से अमर उजाला को एक ऐसी खबर पर नोटिस भिजवा दिया जिस खबर के प्रकाशित होने के बाद उस पर असर हुआ और डीसी ने गलती मानते हुए उसमें सुधार भी कर लिया। तथ्यों के साथ खबर प्रकाशित करने के बावजूद अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को दबाने का प्रयास किया गया। दरअसल, 29 जुलाई को अमर उजाला ने शिलान्यास पट्टिका से सदर विधायक का नाम गायब शीर्षक से खबर प्रकाशित कर उपायुक्त कार्यालय चंबा के समीप बहुउद्देश्यीय सुविधा केंद्र के शिलान्यास के दौरान शिलान्यास पट्टिका में सदर विधायक का नाम न होने की जानकारी को सार्वजनिक किया था।

हैरानी की बात है कि शिलान्यास पट्टिका में जहां कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के सांसद किशन कपूर का नाम तो था लेकिन स्थानीय विधायक की जगह उपायुक्त विवेक भाटिया का नाम अंकित किया गया था। सांसद ने विधायक का नाम न होने पर सवाल भी उठाया। इसके बाद डीसी चंबा की ओर से तथ्यपरक खबर लिखने पर मीडिया को धमकाया गया।  मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने कांगड़ा दौरे के दौरान कहा था कि मीडिया को धमकाने के मामले की भी जांच की जाएगी। प्रदेश भर के पत्रकार लगातार मुख्यमंत्री से डीसी चंबा पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब शांता कुमार ने भी कह दिया है कि  मुख्यमंत्री को इस मामले में उचित कार्रवाई करनी चाहिए।

विज्ञापन
विज्ञापन

मीडिया की आवाज दबाने को अपना रहे ओछे हथकंडे : राठौर

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि प्रदेश में मीडिया की आवाज दबाने की कोशिश न की जाए। राज्य में मीडिया सत्य उजागर कर रहा है और उसे दबाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। सच्चाई उजागर करने वाले मीडिया की आवाज दबाने की कोशिश नाकाम करेंगे। मीडिया पर गलत तरीके से मामले बनाए जा रहे हैं जोकि संविधान के चौथे स्तंभ पर कुठाराघात है। कांग्रेस पहले भी इसका विरोध करती रही है और भविष्य में भी कड़ा विरोध होगा। राठौर ने मंगलवार को यहां जारी बयान में प्रदेश सरकार पर भू माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाया है।

कहा कि इसकी छत्रछाया में गरीबों की बेशकीमती जमीन प्रदेश के बाहरी लोगों को लीज के नाम पर कौड़ियों के भाव बेची जा रही है। राठौर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से इस बारे में सारी स्थिति स्पष्ट करने और इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाने की मांग की है। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा है कि प्रदेश के पर्यटन स्थलों में प्रदेश के बाहरी लोगों को जिस प्रकार से जमीन की लीज के नाम पर खरीद फरोख्त चली है, उससे साफ है कि यह एक बड़ा गिरोह है। धारा 118 के किसी भी दुरुपयोग पर चेताते हुए कहा कि कांग्रेस प्रदेश में इस अधिनियम से किसी भी प्रकार का कोई भी खिलवाड़ सहन नहीं करेगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें